जींद। उचाना में एक ढाबे पर खाना खाकर बिल नहीं देने और कर्मचारियों के साथ मारपीट करने पर उचाना थाना पुलिस ने करसिंधू निवासी सोनू, अजय उर्फ छोटिया, विकास, सुरेंद्र उर्फ सिंदर व पालवां निवासी रामधन व तीन अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सोनीपत जिले के मुरथल निवासी राजीव ने उचाना थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह उचाना में एक ढाबे पर मैनेजर है। 15 अगस्त की रात में लगभग 9-10 बजे के बीच आठ लड़के ढाबे पर खाना खाने आए। खाना खाने के बाद बिल दिए बिना जाने लगे। जब उनके कर्मचारी विजय ने बिल मांगा तो उनके साथ गाली-गलौज करते हुए बिल देने से मना कर दिया। इसके बाद सभी युवक काउंटर पर आ गए और बिल मांगने पर उसके साथ झगड़ा करने लगे। उस समय सभी वहां से चले गए, लेकिन कुछ समय बाद वह लाठी-डंडे लेकर आए और उनके कर्मचारियों के साथ मारपीट की। उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। उचाना थाना प्रभारी ने बताया कि ढाबे के मैनेजर की शिकायत पर पांच युवकों को नामजद कर तीन अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।