03जेएनडी33: खेलकूद प्रतियोगिता का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करते हुए अतिथि। संवाद
नरवाना। महिला एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से नवदीप स्टेडियम में शुक्रवार को ग्रामीण महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें मुख्यातिथि के तौर पर एसडीएम दलजीत सिंह ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी संतोष यादव ने की। जबकि जिला कार्यक्रम अधिकारी कांता यादव विशेष रूप से मौजूद रही। एसडीएम ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। एक दिवसीय खेल प्रतियोगिता में महिलाओं की 100 मीटर दौड़, 300 मीटर, 400 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो, म्यूजिकल चेयर, साइकिल रेस को शामिल किया गया।
दलजीत सिंह ने कहा कि महिलाएं आज के दिन प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के प्रसार के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी अपना महत्व है। उन्होंने कहा कि खेल-कूद प्रतियोगिता एवं शारीरिक परिश्रम से ही सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं सामाजिक कार्यों में इसी प्रकार से हिस्सा लें और नशा मुक्ति जैसे अभियान में प्रशासन का सहयोग करें। इस दिशा में महिलाएं अपने परिवार के नशा करने वाले व्यक्ति को इसकी बुराइयों के बारे में जागरूक करें और नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने महिलाओं विशेष कर जो स्कूटी व गाड़ी इत्यादि वाहनों पर चलती हो वह अपने वाहन के दस्तावेज पूरे रखें और वाहन चलाते समय हेल्मेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। खेलकूद प्रतियोगिता में विभिन्न प्रकार के खेलों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र व इनाम देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को 2100 रुपये, द्वितीय स्थान पर 1100 व तृतीय स्थान पर 750 रुपये नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। एक दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में खंड नरवाना व खंड उझाना की महिलाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर आयुष विभाग की डॉ. सोनिया, सुपरवाइजर सुमन, रितु, पूजा, रेखा, कविता, सतपाल सिंह, बलवान लिपिक, बलराम सिंह व राजेश टांक मौजूद रहे।
यह रहे प्रतियोगिता के परिणाम
डिस्कस थ्रो में बिधराना की मुन्नी ने प्रथम, नेहरा की कृष्णा ने द्वितीय व खानपूर की संतोष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। म्यूजिकल चेयर में धरौरी की सुमित्रा ने प्रथम, सिंसर की मंजीत ने द्वितीय व फरैण कलां की सुदेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। साइकिल रेस में ढाकल की आशु ने प्रथम, नीतेश ने द्वितीय व कविता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में जाजनवाला की कांता प्रथम, सुरजाखेड़ा की जरीना ने द्वितीय व खानपूर की पूजा तृतीय स्थान पर रही। 400 मीटर दौड़ में कलौदा कलां की नीतू प्रथम, कर्मगढ़ की शीतल ने द्वितीय व हरनामपुरा की नेहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।