कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेते खिलाड़ी। संवाद।
- फोटो : Jind
जुलाना। गांव देवरड़ में भगत सिंह युवा समिति द्वारा रविवार को खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्षत मोहित फौगाट ने की। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में समाजसेवी नवीन संधू, सतीश हथवाला, प्रदीप लाठर, राजेश शर्मा, सतीश पहलवान ने शिरकत की। कार्यक्रम में जुलाना थाना प्रभारी समरजीत सिंह ने विशिष्ठ अतिथि के रूप में शिरकत की।
प्रतियोगिता में 42 किलोग्राम भार वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देवरड़ गांव की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। फाइनल में देवरड़ गांव की टीम ने बराह खुर्द को 50-15 के अंतर से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। ढाणा गांव की टीम ने प्रतियोगिता में तीसरा और मालवी गांव की टीम ने चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ नागरिकों की 100 मीटर रेस का भी आयोजन किया गया। रेस प्रतियोगिता में बधावड़ गांव निवासी रामफल ने प्रथम, सुंदरपुर निवासी राजेंद्र ने दूसरा तो बधावड़ गांव निवासी सतपाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
मुख्यातिथि नवीन संधू ने कहा कि युवा खेलों के माध्यम से देश का नाम रोशन करते हैं। खिलाड़ियों का मान सम्मान करना हर देशवासी का दायित्व बनता है। थाना प्रभारी समरजीत सिंह ने कहा कि युवाओं को चाहिए कि वह विजेता खिलाडिय़ों से प्रेरणा लेकर खेल के क्षेत्र में मेहनत करें और देश और प्रदेश का नाम रोशन करें। आज के युवा नशे की गिरफ्त में आते जा रहे हैं। खेल ही वह माध्यम हैं, जो उन्हें नशे से दूर ले जाकर एक अच्छा नागरिक बनाने में सहयोग करते हैं। इस मौके पर देशराज कोच, सोनू, कृष्ण, नीरज, यकीन, मनजीत, शुभम, नरेंद्र, अमरेंद्र, अनूज चहल, बलविंद्र, मोहन भी मौजूद रहे।