जींद। जिले के कॉलेजों में सोमवार से नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं लगनी शुरू हो जाएंगी जबकि अभी भी कॉलेजों में 30 प्रतिशत सीटें खाली हैं। शुक्रवार को जारी दूसरी मेरिट सूची में बहुत कम विद्यार्थियों के नाम आए हैं। इससे विद्यार्थियों को काफी निराशा हुई है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने बेहद संक्षिप्त सूची जारी की है। दूसरी मेरिट लिस्ट में महाविद्यालयों के कई कोर्स में महज दस से 20 विद्यार्थियों का ही नाम आया है। कई महाविद्यालयों में तो स्थिति ऐसी है कि पूरी सूची में ही करीब 150 से 200 विद्यार्थी शामिल किए गए हैं, जबकि सीट 40 प्रतिशत पहले खाली थी, जो अब 30 प्रतिशत के आसपास रह गई हैं। अब ऐसे में विद्यार्थियों को ओपन फिजिकल काउंसलिंग में ही दाखिला होने की उम्मीद है।
कई कॉलेजों में 60 प्रतिशत सीटों पर हो चुके हैं दाखिले
दूसरी मेरिट लिस्ट में शामिल विद्यार्थी 23 अगस्त तक फीस जमा करवा दाखिला ले सकते हैं। उच्चतर शिक्षा विभाग ने पहली मेरिट लिस्ट 12 अगस्त को जारी की थी, जिसमें शामिल विद्यार्थियों को अपना दाखिला सुनिश्चित करवाने के लिए 18 अगस्त तक का समय दिया गया था। इस दौरान कई कॉलेजों में 60 प्रतिशत सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। पहली मेरिट लिस्ट में नाम से वंचित रहे विद्यार्थी दूसरी मेरिट लिस्ट का इंतजार कर थे। विद्यार्थियों को उम्मीद थी कि दूसरी मेरिट लिस्ट में उनका नाम आएगा। शुक्रवार को जारी दूसरी मेरिट लिस्ट ने भी विद्यार्थियों को निराश किया है। दूसरी मेरिट लिस्ट में बेहद कम विद्यार्थियों को शामिल किया गया है।
26 अगस्त से शुरू होगी ओपन फिजिकल काउंसिलिंग
दोनों मेरिट लिस्ट के बाद भी दाखिले से वंचित रहे विद्यार्थियों को अब 26 अगस्त से शुरू होने वाली ओपन फिजिकल काउंसिलिंग से उम्मीद है। ओपन फिजिकल काउंसिलिंग में पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दाखिला किया जाएगा। रोजाना नई मेरिट तैयार होगी और दाखिला प्रक्रिया चलेगी। जिन विद्यार्थियों का नाम अभी तक किसी भी मेरिट लिस्ट में नहीं आया है, वह विद्यार्थी ओपन फिजिकल काउंसिलिंग में उपस्थित होकर दाखिला ले सकेंगे।
दूसरी मेरिट लिस्ट में आए विद्यार्थी मंगलवार तक फीस जमा करवा सकते हैं। इसके बाद भी सीटें खाली रही थी तो 26 अगस्त को ओपन फिजिकल काउंसिलिंग होगी, जिसमें विद्यार्थी पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दाखिला ले सकेंगे।
-शीला दहिया, प्राचार्य, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जींद।