जींद। शहर के मध्य स्थित ऐतिहासिक जयंती देवी मंदिर में मंगलवार को अन्नकूट भंडारे का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दिनभर मंदिर परिसर भक्तों से गुलजार रहा। शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने मां जयंती देवी के दरबार में शीश नवाया और अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां भगवती की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। प्रसाद वितरण के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, ताकि मंदिर पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आयोजन में सेवाभावी लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया और व्यवस्थाओं को संभालने में योगदान दिया। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री, सीएम मीडिया कॉर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, ऋषभ जैन, ओमप्रकाश भोंगरा, नरेश गोयल, ईश्वर सिंगला, इंद्रजीत कालरा, रजनीश आहूजा, रामावतार शर्मा और सागर शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
अन्न के प्रति कृतज्ञता का पर्व है अन्नकूट
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अन्नकूट पर भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों और व्यंजनों का भोग लगाया जाता है। इसके बाद भोग को प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं में वितरित किया जाता है। यह पर्व अन्न के प्रति कृतज्ञता, सामूहिक सेवा और आपसी सद्भाव का प्रतीक माना जाता है। इसी भावना के साथ मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
जयंती देवी मंदिर धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र
जयंती देवी मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री ने बताया कि ऐतिहासिक जयंती देवी मंदिर जींद की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। यहां समय-समय पर धार्मिक आयोजन होते रहते हैं। शारदीय और चैत्र नवरात्र के दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
10जेएनडी20: भंडारे में श्रद्धालुओं की लगी लाइन। स्रोत: पुजारी
10जेएनडी21: मंदिर में हवन करते हुए पुजारी नवीन शास्त्री व अन्य श्रद्धालु। स्रोत: पुजारी
10जेएनडी20: भंडारे में श्रद्धालुओं की लगी लाइन। स्रोत: पुजारी