संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। भिवानी रोड अंडरपास के समीप स्थित अजमेर बस्ती में मंगलवार को महामाई चौगानन माता का प्रथम विशाल जागरण श्रद्धा और भक्ति के माहौल में आयोजित किया गया।
जागरण में देर रात तक माता के भजनों की गूंज रही और श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर माता का गुणगान करते रहे।
आयोजन समिति के सदस्य मनोज वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 28 जुलाई की सुबह हवन-यज्ञ के साथ हुई। इसके बाद विधिवत धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाए गए। दोपहर तीन बजे श्रद्धालुओं की सहभागिता से कलश यात्रा निकाली गई जिसमें महिलाओं और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रात्रि आठ बजे विशाल माता जागरण का शुभारंभ हुआ। जागरण में भजन गायक पंकज गोयल, जानवी खर्ब, अजय सैनी, अशोक गोस्वामी और प्रिया सिंह ने माता की भेंटें प्रस्तुत कीं। कलाकारों की भक्तिमय प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
आयोजन समिति ने बताया कि 29 जुलाई को सुबह 10 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजकुमार गोयल, गऊ सेवा दल के संयोजक अतुल चौहान और प्रवीण कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
समिति की ओर से शहर और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में पहुंचकर माता का आशीर्वाद लेने और भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की गई। इस अवसर पर मनोज वर्मा, सुमित सैनी, जितेंद्र शर्मा, सुरेश शर्मा, कैप्टन सिंह मौजूद रहे।
28जेएनडी : श्रद्धालुओं कलश यात्रा निकालते हुए। संवाद
28जेएनडी : श्रद्धालुओं कलश यात्रा निकालते हुए। संवाद
28जेएनडी : श्रद्धालुओं कलश यात्रा निकालते हुए। संवाद