जींद। खरकरामजी गांव में मंदिर की सफाई करने गए श्रद्धालु पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मामले में सदर थाना पुलिस ने कविता, मुकेश, तेजबीर, सुनील, कृष्ण, अनिल, महेंद्र व संदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में खरकरामजी गांव निवासी सुनील ने बताया कि वह खेती करने के साथ गांव के बच्चों को कबड्डी का प्रशिक्षण देता है। वह निराकार मंदिर में आस्था रखता है। गांव में उनके पूर्वजों ने निराकार का मंदिर बनाया हुआ है। वह 11 अप्रैल को मंदिर में सफाई करने के लिए गया हुआ था। इस दौरान गांव की कविता, मुकेश, तेजबीर, सुनील, कृष्ण, अनिल, महेंद्र व संदीप ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। ज्यादा चोट लगने के कारण वह बेहोश हो गया। उसको परिजन इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए। मारपीट की यह घटना मंदिर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे मेंं कैद हो गई है। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर गांव की ही दो महिलाओं समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लंबे समय से बना है मंदिर को लेकर विवाद
निराकार मंदिर को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है, इसके चलते कुछ लोगों ने पीछे से मंदिर की दीवार को तोड़कर अलग से रास्ता बनाया हुआ था। मंदिर से दान भी चोरी हुआ है। होली के दिन विवाद को देखते हुए मंदिर में पुलिस को तैनात किया गया था। यहां पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं, लेकिन कुछ ग्रामीणों ने मंदिर को विवाद का केंद्र बना दिया है।