जींद। जरूरतमंद, किसान और गांव का समुचित विकास गठबंधन सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए तीन वर्ष के कार्य काल में अनेक ऐतिहासिक एवं जन हितैषी फैसले लागू किए गए हैं। सरल केंद्रों के माध्यम से सभी विभागीय सेवाओं एवं सुविधाओं को ऑनलाइन किया गया है, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों को घर बैठे मिल रहा है। ये बातें उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बुधवार को उचाना विधानसभा क्षेत्र के खटकड़ गांव में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहीं।
भिवानी में 9 दिसंबर को जननायक जनता पार्टी के 5वें स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाली रैली की तैयारी को लेकर पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रैली ऐतिहासिक होगी। इसमें प्रदेशभर से लाखों लोग पहुंचेंगे। कहा कि पदाधिकारी खुद की गाड़ी में नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं एवं आमजन के साथ बस, जीप में सवार होकर आएं। रैली में महिलाओं की संख्या पुरुषों के बराबर हो। इसके लिए सभी महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जोरशोर से प्रचार में जुट जाएं। प्रत्येक युवा खुद को दुष्यंत चौटाला समझकर रैली का न्यौता दे। उन्होंने कहा कि सरकार ने अंत्योदय परिवार योजना एवं आयुष्मान भारत योजना को नया विस्तार दिया है, जिसके अंतर्गत एक लाख 80 हजार रुपये की सालाना आमदनी वाले परिवार के प्रत्येक व्यक्ति को ईलाज के लिए हर वर्ष पांच लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मुहैया करवाई जा रही है। परिवार पहचान पत्र युक्त परिवार इस नई योजना का लाभ चिरायु हरियाणा के तहत प्राप्त कर सकते हैं।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने गांव बड़ौदा, बुडायन, काकड़ौद, उचाना खुर्द, छातर, थुआ, पेंगा तथा नगूरां में दौरा कर ग्रामीणों को संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक अमरजीत ढांडा, जगदीश सिहाग, काला नंबरदार, कुलदीप रंधावा, महीपाल बधाना, राजबीर भौंगरा, महिला जिला प्रधान अमिता ढांडा, नसीब घसो, जगरूप छातर, ओमदत्त शर्मा, जोरा सिंह डुमरखां, लालू श्योकंद, राजेश खरकभूरा, सोनिया बड़ौदा, शकुंतला ढिलौड, नरेंद्र खापड़, रामस्वरूप, बलजीत श्योकंद, राजु सैन, धर्मबीर रेढू, वेदपाल भनवाला, दीपक देशवाल मौजूद रहे।
बाक्स
कहा- उचाना क्षेत्र से राजनीतिक नहीं दिल का रिश्ता
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उपप्रधानमंत्री बनने के बाद जननायक चौधरी देवी लाल सर्वप्रथम हलका के गांव बड़ौदा में अभिनंदन समारोह में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि उचाना से उनका राजनीतिक नहीं दिल का रिश्ता है। डॉ. अजय सिंह चौटाला की अगुवाई में जींद की पावन धरा पांडु पिंडारा में 17 नवंबर 2018 को जननायक की नीतियों के अनुरूप प्रदेश में नया राजनीतिक संगठन बनाने की घोषणा की थी, जिसको नौ दिसंबर 2018 के दिन जननायक जनता पार्टी के रूप में मूर्त रूप दिया गया।