नरवाना। सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में नगर परिषद की हाउस बैठक कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी की अध्यक्षता में हुई। इसमें सभी 23 वार्डों के लिए पांच करोड़ रुपये की विकास राशि मंजूर की गई है। इससे मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
मंत्री बेदी ने कहा कि प्रत्येक पार्षद अपने-अपने वार्ड के विकासात्मक कार्यों की सूची जल्द नगर परिषद को सौंपे, ताकि उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा सके। इस अवसर पर नगर परिषद चेयरपर्सन मुकेश देवी मिर्धा, वाइस चेयरपर्सन शशिकांत शर्मा, डीएमसी सुरेंद्र दून, एसडीएम जगदीश चंद्र, ईओ रविंद्र कुमार, डीएसपी अमित भाटिया सहित सभी पार्षद और अधिकारी उपस्थित रहे।
नप के लिए 17 करोड़ का बजट मंजूर, पहली किस्त जारी
मंत्री बेदी ने बताया कि नगर परिषद के लिए कुल 17 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। इसकी पहली किस्त जारी हो चुकी है। शेष राशि से वार्ड वार एस्टीमेट तैयार कर तेजी से कार्य शुरू करवाए जाएंगे।
आमजन को नहीं हो कोई परेशानी
कैबिनेट मंत्री ने निर्देश दिए कि शहर में लटक रही बिजली की तारों को तत्काल ठीक किया जाए, नालों और ड्रेनों की सफाई समय-समय पर की जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल, जल निकासी, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, भवन निर्माण, पब्लिक वर्क, विज्ञापन, रेंट आदि से जूड़े कार्यों की निगरानी के लिए गठित कमेटियां पूरी जवाबदेही के साथ काम करें।
बाक्स
हर वार्ड में लगेंगे 20-20 बेंच
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर के प्रत्येक वार्ड में 20-20 सार्वजनिक बैंच लगाई जाएंगी, जिनकी निगरानी संबंधित वार्ड पार्षद करेंगे। मंत्री बेदी ने कहा कि नगर परिषद की आय बढ़ाने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएंगे ताकि विकास कार्यों में कोई रुकावट न आए।