गोशाला रोड पर स्थित वक्फ बोर्ड की जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है। यहां के निवासियों ने इस मामले को लेकर एक ज्ञापन पूर्व मंत्री बच्चन सिंह आर्य को सौंपा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आर्य ने कहा कि गरीबों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। इस मामले को वह मुख्यमंत्री और उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर उचित कार्रवाई करवाएंगे।
ज्ञापन देने आए राजकुमार जोगी, रोहतास, राजबीर, संजय, जगदीश, मुकेश, महावीर, बजिंद्र, मुकेश व दर्जनों महिलाओं ने कहा कि अनिल निवासी गोहियां ने हथियारों से लैस 20-25 लोगों के साथ आकर उनके मकानों व प्लाटों पर कब्जा करने का प्रयास किया। मकानों में तोड़फोड़ करने के साथ उनके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकियां दीं। लोगों का कहना था कि यह जमीन हरियाणा वक्फ बोर्ड द्वारा नरेश कुमार को एक सितंबर 2007 से पट्टे पर दी गई थी। 2009 में पट्टेदार नरेश कुमार की मृत्यु हो गई। हमने नरेश कुमार से उक्त जमीन में प्लाट खरीद कर मकान बनाए हुए हैं। अब हरियाणा वक्फ बोर्ड ने अनिल को यह जमीन पट्टे पर दे दी है। पट्टेदार अनिल कुमार 10 नवंबर को 20-25 लोगों के साथ डंडे-बिंडों, तलवारों व हथियारों से लैस होकर आए और आते ही हमारे प्लाटों में खड़े पेड़-पौधों व सामान को तोड़ दिया। इसके अलावा कॉलोनी के मुकेश कुमार के ऊपर कस्सी से वार किया। इतना ही नहीं शिम्बो, बीरमती, बिशसो, कुंती, शकुंतला व अन्य कॉलोनी वासियों के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ डीएसपी, सीएम विंडो व एसएचओ को शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बारे में एसएचओ शहर थाना सफीदों कर्ण सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों की शिकायत आई हुई है। दोनों पक्षों ने पांच दिन का समय मांगकर आपस में बातचीत करने की बात कही है।