10जेएनडी11: खटकड़ गांव में ग्रामीणों को डेंगू व मलेरिया से बचाव को लेकर जागरूक करते हुए स्वास्थ
जींद। ठंड बढ़ने के बावजूद जिले में डेंगू संक्रमण के नए मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के जागरूकता अभियान और लगातार सर्वे के बाद भी मच्छरों का प्रकोप थम नहीं रहा है। जिले में अब तक डेंगू के 27 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। हाल ही में ढाठरथ गांव में 30 वर्षीय महिला और अलेवा गांव में 48 वर्षीय व्यक्ति डेंगू संक्रमित मिले हैं।
डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी अभियान तेज कर दिया है। जिले में करीब 200 टीमें घर-घर जाकर लोगों को डेंगू और मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं। टीमें घरों में रखे कूलर, पानी की टंकियों, गमलों और अन्य स्थानों की जांच कर रही हैं, जहां पानी जमा होने से मच्छरों का लारवा पनप सकता है। अब तक घरों और आसपास लार्वा मिलने पर करीब 1300 लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को घरों में पानी जमा नहीं होने देने, पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखने तथा कूलर व गमलों का पानी नियमित रूप से बदलने की सलाह दी जा रही है। विभाग का कहना है कि ठंड बढ़ने के बावजूद मच्छरों से बचाव के उपाय जारी रखना जरूरी है।
बुखार होने पर करवाएं जांच
मलेरिया के नोडल अधिकारी डॉ. विजेंद्र ढांडा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सर्वे और जागरूकता अभियान चला रही हैं। लोगों को अपने घरों और आसपास सफाई रखने तथा पानी जमा नहीं होने देने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुखार होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच करवाएं।