09जेएनडी21: जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी कार्यालय का फोटो। संवाद
जींद। जिले में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब जिले में लगभग दो वर्ष से बंद पड़े 36 राशन डिपो पर राशन वितरण का काम अगस्त में शुरू होने की आस जगी है। इसके लिए विभाग ने मुख्यालय को मशीन पहुंचाने के लिए पत्र लिखा है, ताकि इन डिपो को शुरू कर उपभोक्ताओं को नजदीक से ही राशन उपलब्ध करवाया जा सके।
पिछले दो वर्ष से जिले में विभिन्न कारणों से लगभग 98 राशन डिपो खाली पड़े थे, जिनको भरवाने के लिए पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने महिलाओं को राशन डिपो में हिस्सेदारी देने के लिए रिक्त डिपो को बैकलॉग से भरवाने के निर्देश दिए थे। इसके लिए लगभग 500 से ज्यादा महिलाओं ने आवेदन किए, लेकिन उनमें खामियां होने के कारण यह आवेदन रद्द कर दिए गए थे। इसके चलते 36 आवेदन सही मिलने पर उनको राशन डिपो देने की प्रक्रिया विभाग ने शुरू कर दी थी। अब यह प्रक्रिया सिरे चढ़ने वाली है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की तरफ से यह काम पूरा हो चुका है। दूसरे राशन डिपो से इन मशीनों में कार्ड भी चढ़ाए गए हैं, ताकि अगस्त तक यह मशीन मिलें और इनसे नए राशन डिपो पर महिला डिपोधारकों की ओर से बांटा जा सके। इसके अलावा भी जिले में अभी तक जो राशन डिपो खाली हैं उनको भरवाने के लिए मुख्यालय के निर्देशों का इंतजार है। निर्देश मिलने के बाद इन डिपो को भरवा दिया जाएगा, ताकि महिलाओं को राशन डिपो में उनकी पूरी हिस्सेदारी मिल सके।
मुख्यालय से मशीन मंगवाने के लिए लिखा गया पत्र
जिले में फिलहाल 36 राशन डिपो शुरू करवाने के लिए काम चल रहा है। इन डिपो की सभी प्रक्रिया विभाग की तरफ से पूरी हो चुकी है। इसके लिए मुख्यालय से मशीन मंगवाने के लिए पत्र लिखा है। उम्मीद है कि अगस्त तक मशीन मिल जाएंगी। इसके बाद महिलाओं को यह राशन डिपो सौंपकर उपभोक्ताओं को उनके नजदीक से ही राशन उपलब्ध करवाया जाएगा। -निशांत राठी जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी जींद।
09जेएनडी21: जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी कार्यालय का फोटो। संवाद