नरवाना। जिला शिक्षा अधिकारी रितु पंघाल ने बुधवार को राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेलरखा का निरीक्षण किया। प्रधानाचार्य बलजीत गोयत ने स्वागत किया। उन्होंने स्कूल की शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी।
डीईओ ने टीएलएम शिक्षण-अधिगम सामग्री से सुसज्जित कक्षाओं, मध्याह्न भोजन व्यवस्था, किचन गार्डन, हर्बल पार्क, स्वच्छ पार्क और पार्किंग क्षेत्र का अवलोकन किया। अटल टिंकरिंग लैब, फिजिक्स, केमिस्ट्री व बायोलॉजी लैब, लैंग्वेज लैब, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, बैंकिंग लैब और मैथ्स लैब का भी निरीक्षण किया।
विज्ञान पैनोरमा और विज्ञान प्रश्नोत्तरी गैलरी को देखकर उन्होंने विद्यार्थियों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण और विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की व्यवस्थाएं विद्यार्थियों के विकास में सहायक होती हैं। दूसरे विद्यालयों को भी प्रेरणा मिलती है।