संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिले में वीरवार सुबह घना कोहरा छा गया। इससे जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह सात से आठ बजे के बीच हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। कई स्थानों पर दृश्यता घटकर मात्र 10 से 15 मीटर तक रह गई। कोहरे के कारण जिलेभर में सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई और वाहन चालकों को मजबूरी में लाइन में वाहन चलाने पड़े। शाम ढलते ही ठंडक के साथ कोहरा दोबारा शुरू हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार वीरवार को जिले का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 डिग्री रहा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान दो डिग्री गिरकर 8 डिग्री और अधिकतम तापमान बढ़कर 23 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। आने वाले चार दिनों तक सुबह और रात के समय कोहरा और घना हो सकता है।
घने कोहरे के चलते हाईवे और मुख्य सड़कों पर हादसों का जोखिम बढ़ गया है। दृश्यता कम होने के कारण कई जगह वाहन अचानक ब्रेक लगने से एक-दूसरे के करीब आ गए। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने वाहन चालकों को धीमी गति से चलने, फॉग लाइट का प्रयोग करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
प्रशासन की एडवाइजरी
जिला प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी में एसपी कुलदीप सिंह ने कहा गया है कि सुबह और देर रात के समय यात्रा करते वक्त विशेष सावधानी बरतें। हाईवे पर ओवरटेक से बचें, रिफ्लेक्टर और इंडिकेटर का उपयोग करें तथा कोहरे में वाहन खड़ा करते समय पार्किंग लाइट जरूर जलाएं।
-
कोहरे और ठंड का असर जहां यातायात पर नकारात्मक पड़ रहा है। वहीं किसानों के लिए यह मौसम कुछ फसलों के लिए लाभकारी माना जा रहा है। गेहूं, सरसों और चने की फसलों के लिए यह कोहरा और हल्की ठंड फायदेमंद है। इससे नमी बनी रहती है जो फसलों की बढ़वार में सहायक होती है। हालांकि आलू और सब्जियों में अधिक नमी से रोग लगने की आशंका रहती है। इसलिए किसानों को निगरानी रखने की सलाह दी गई है।
-डॉ. राजेश मौसम वैज्ञानिक