संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। खाटू श्याम व मदार (राजस्थान) जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने रोहतक-मदार ट्रेन के संचालन की अवधि को नवंबर तक बढ़ा दिया है। रेलवे की ओर से यह ट्रेन 1 से 30 सितंबर तक संचालित की गई थी। अब रेलवे ने फिर से त्योहारी सीजन को देखते हुए रोहतक-मदार स्पेशल ट्रेन को 30 नवंबर तक संचालित करने की घोषणा की है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मदार-रोहतक स्पेशल ट्रेन-09639 मदार से रोजाना सुबह 4:30 बजे रवाना होकर दोपहर 12:50 बजे रोहतक पहुंचती है। यही ट्रेन-09640 रोजाना रोहतक स्टेशन से दोपहर 1:20 बजे रवाना होकर रात 10:35 बजे मदार पहुंचती है।
उन्होंने बताया कि ट्रेन में 9 डिब्बे हैं। 30 नवंबर तक यह ट्रेन दोनों तरफ 61-61 फेरे लगाएगी। रोहतक से रींगस स्टेशन तक ट्रेन में करीब 90 रुपये किराया लगता है।
मदार-रोहतक-मदार ट्रेन किशनगढ़, नरेना, फुलेरा, रेनवाल, बधाल, रींगस, श्रीमाधोपुर, कावंट, भगेगा, नीमका थाना, मांवडा, डाबला, निजामपुर, नारनौल, अटेली, कुंड, रेवाड़ी, गोकलगढ़, झज्जर व अस्थल बोहर स्टेशनों पर ठहराव करती है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 30 सितंबर तक मदार-रोहतक स्पेशल ट्रेन कुल 22 स्टेशनों पर ठहराव करती है। रेवाड़ी के पाल्हावास स्टेशन पर पहले ट्रेन का ठहराव नहीं था। अब यह ट्रेन दोनों तरफ से आवागमन करने पर यहां ठहराव करेगी।
मदार से रोहतक संचालन के समय ट्रेन सुबह 11:05 बजे पाल्हावास ठहराव करेगी। वहीं, रोहतक से मदार जाते समय ट्रेन दोपहर 2:22 बजे पाल्हावास स्टेशन पर ठहराव करेगी।
वर्जन
मदार स्पेशल ट्रेन यात्रियों की मांग के अनुसार चलाई जाती है। अब त्योहारी सीजन में भीड़-भाड़ पर नियंत्रण पाने के लिए रेलवे ने रोहतक-मदार स्पेशल ट्रेन को 30 नवंबर तक संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
- बलराम मीना, स्टेशन अधीक्षक।