जींद। सोनी समाज एवं पिछड़े वर्गों की मांगों को लेकर समाज के शिष्टमंडल ने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष कैप्टन योगेश बैरागी को ज्ञापन दिया। इसमें मुख्य रूप से आबादी के अनुपात में राजकाज में हिस्सेदारी समेत हरियाणा स्वर्ण कला बोर्ड के गठन की मांग की गई।
कैप्टन योगेश गांव ईगराह में युवा विकास समिति एवं हरियाणा कला परिषद रोहतक मण्डल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां सेवानिवृत डीआईपीआरओ सुरेंद्र वर्मा, अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के जिला युवा प्रधान राजेंद्र सोनी और मेढ़ सुनार धर्मशाला समिति रामराय के प्रधान पुरुषोतम सोनी बडाला ने अपनी बात रखी।
कहा कि बीसी की प्रमुख मांगों में विधायिका, न्यायपालिका एवं कार्यपालिका समेत सभी क्षेत्रों में बीसी ए और बी को 16 और 11 प्रतिशत के हिसाब से 27 प्रतिशत पूर्ण आरक्षण शामिल है। सभी ग्रुपों में ए, बी, सी, डी में बीसी के बैकलाॅग पूरा करने के साथ-साथ नौकरियों एवं प्रमोशन में बीसी ए और बी को 16 तथा 11 के हिसाब से 27 प्रतिशत पूरा आरक्षण दिया जाए।
ओसीसी पर लगाई गई क्रीमिलेयर की शर्त हटाई जाए। उन्होंने बताया कि बीसी में रोहिल्ला समाज, सोनी (स्वर्णकार) समाज, पांचाल समाज, सैन समाज व अन्य वंचित वर्गों को आबादी के अनुपात में हर क्षेत्र में हिस्सेदारी अथवा प्रतिनिधित्व दिया जाए। बीसी के बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के लिए मामूली ब्याज पर बिना गारंटी के 20 लाख का लोन सबसिडी सहित दिया जाए।
हरियाणा पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया जाए। इसमें सभी प्रकार की नियुक्तियां बीसी से हों। इस अवसर पर युवा विकास समिति जींद के अध्यक्ष प्रदीप रेढू, महासचिव विनोद शर्मा, संयोजक प्रवीण सैनी, शीला सैनी, सुधीर रेढू, सुनील रेढू, सरपंच प्रतिनिधि कुलबीर रेढू, डाॅ. मनीषा मौजूद रहीं।