जींद। सदर थाना पुलिस ने खोखरी के पास हांसी ब्रांच नहर से अज्ञात युवक का गला-सड़ा शव बरामद किया है। पहचान के लिए शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
मंगलवार को खोखरी के पास हांसी ब्रांच नहर में राहगीरों ने शव पानी में उतराता देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है।
युवक ने नीले रंग की पैंट और बिस्किट रंग की फूल बाजू टी-शर्ट पहनी हुई थी। युवक के पास से ऐसी कोई वस्तु बरामद नहीं हुई जिससे उसकी पहचान हो सके। प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि शव नहर में पीछे से बहकर आया है।
थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि शिनाख्त नहीं होने के कारण पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस युवक की शिनाख्त में लगी हुई है।