जिले में कोरोना संक्रमण लोगों की जान का पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रहा है। तीन दिन राहत के बाद मंगलवार को चार लोगों की मौत हो गई। अब बुधवार को फिर से तीन लोगों की जान कोरोना की वजह से चली गई। तीन दिन राहत के बाद ऐसा लगा था कि अब जिले में मौतों का सिलसिला थम गया है, लेकिन पिछले 24 घंटे में सात लोगों की मौत हो गई। वहीं बुधवार को 21 नए संक्रमण मिले हैं। ठीक होने वालों मरीजों की संख्या बुधवार को 53 रही।
कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. पालेराम कटारिया ने बताया कि बुधवार को दरोली खेड़ा निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति, सफीदों के वार्ड नंबर चार निवासी 73 व्यक्ति तथा सुंदर नगर नरवाना निवासी 84 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग को 964 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट मिली। इनमें से 21 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं ठीक होने वालों की संख्या 53 रही। अब तक जिले में 21082 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 20307 लोग ठीक हो चुके हैं। जिला में अब तक 521 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। इस समय जिले में 254 एक्टिव मामले बचे हैं। हालांकि संक्रमण के मामलों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही और एक्टिव केसों की संख्या भी कम होती जा रही है लेकिन जिला में लगातार कोरोना संक्रमितों की मौत हो रही है। स्वास्थ्य विभाग चाहकर भी इस पर अंकुश लगाने में नाकाम है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने 1024 लोगों के सैंपल लिए हैं। अब तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें 256771 लोगों के सैंपल ले चुकी हैं। जिला में फिलहाल विभिन्न अस्पतालों में 42 लोग ही दाखिल हैं।