खेत में आग से उठ रहा धुआं, जहां शव जलाया गया था।
- फोटो : Jind
उचाना। बड़ौदा से खापड़ को जाने वाले रास्ते पर लाइनपार सूखे तालाब के पास बड़ौदा के ही खेतों में अधजली हालत में शव मिला है। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। जींद से एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची। शव इस प्रकार जल चुका था कि उससे यह पता लगाना भी मुश्किल हो रहा है कि शव पुरुष का है या महिला का। पुलिस ने बड़ौदा की सरपंच नेहा के पति सुधीर पहलवान की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या और शव को खुर्द-बुर्द करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुधीर पहलवान ने बताया कि उनके पास गांव के व्यक्ति ने सूचना दी कि लाइन पार खापड़ रोड पर सूखे तालाब के पास उनके खेतों में अधजला शव पड़ा है। पहलवान ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। जब वहां पर ग्रामीण व पुलिस पहुंची तो उस समय भी कुछ आग लगी हुई थी और धुआं उठ रहा था। रात को लगभग एक बजे किसानों ने आग की लपटें उठते देखी थी। किसानों ने सोचा कि किसी व्यक्ति ने अपने खेत में गेहूं के डंठलों में आग लगाई होगी। इसी कारण किसी ने उस तरफ ज्यादा ध्यान नहीं दिया। सुबह किसी व्यक्ति ने देखा तो वहां आग के बीच शव जल रहा था। शव को सूखी लकड़ी, घास-फूस पर रखकर जलाया गया था। इस कारण शव पूरा नहीं जल पाया। जैसे ही लोगों को पता चला कि तो लोगों की भीड़ लग गई। लोगों की अधिक भीड़ के कारण वहां पर कोई निशान भी नहीं मिले।
वर्जन
बड़ौदा से खापड़ रोड पर बड़ौदा के खेत में अधजला शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को आग से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेजा है। सरपंच नेहा के पति सुधीर पहलवान की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, शव को खुर्द-बुर्द करने का मामला दर्ज किया है। फिलहाल न तो शव की शिनाख्त हुई है और न ही यह पता लग सका है कि शव महिला का है या पुरुष का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, उचाना।