फोटो 06जेएनडी16-बड़ौदी गांव के खेतों में डिजिटल क्रॉप सर्वे के बारे में नायब तहसीलदार से जानकार
जींद। डिजिटल क्रॉप सर्वे की जमीनी हकीकत जांचने के लिए डीसी डॉ. वैशाली शर्मा मंगलवार को गांव बड़ौदी के खेतों में पहुंचीं। उन्होंने कई एकड़ खेत में पैदल चलकर खड़ी फसल का जायजा लिया और मोबाइल एप पर फसल की एंट्री कर सर्वे प्रक्रिया की जांच की। इस दौरान उन्होंने पटवारियों को खेत में पहुंचकर ही फसल की फोटो और लोकेशन दर्ज करने के निर्देश दिए।
डीसी ने स्वयं मोबाइल एप पर खड़ी फसल की फोटो अपलोड कर एंट्री दर्ज की। उन्होंने सर्वे में दर्ज किल्ला नंबर का सीजरा से मिलान किया और मौके पर मौजूद फसल तथा डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज विवरण की जांच की। उन्होंने पटवारियों से सर्वे की प्रगति और काम के दौरान सामने आ रही तकनीकी दिक्कतों की भी जानकारी ली।
इस दौरान पटवारियों ने बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान कई बार मोबाइल एप में लोकेशन से संबंधित तकनीकी परेशानी आती है। इस पर डीसी ने निर्देश दिए कि पटवारी संबंधित खेत के अंदर पहुंचकर ही फसल की फोटो और अन्य विवरण दर्ज करें। सड़क या खेत के नजदीक खड़े होकर सर्वे करने के बजाय वास्तविक फसल वाले खेत में पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे किसानों की फसल का महत्वपूर्ण डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने का कार्य है। इसलिए प्रत्येक एंट्री पूरी सावधानी और जिम्मेदारी से की जाए।
फसल, किला नंबर, सिजरा और लोकेशन का सही मिलान करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सर्वे पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार, तहसीलदार शालिनी लाठर, नायब तहसीलदार बलराम भी मौजूद रहे।