भाड़ावास मार्ग पर बैठे पशु। संवाद
रेवाड़ी। सड़कों पर बेसहारा गोवंशों को गोशालाओं में रखने की व्यवस्था को लेकर डीसी अभिषेक मीणा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में गोशालाओं के प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में डीसी ने कहा कि गोशालाओं में गोवंशों को रखने के लिए समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। इसको लेकर गोशाला प्रतिनिधि और अधिकारी आपस में समवन्य के साथ कार्य करें। वहीं गोशाला प्रतिनिधि गौसेवा आयोग से ग्रांट लेने के लिए पोर्टल पर आवेदन किया जाएगा।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि सड़कों पर जो भी बेसहारा गोवंश हैं, उन्हें गोशालाओं में रखने के लिए प्रशासन और गोशाला प्रतिनिधियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि यह कार्य सेवा भाव के साथ किया जाना चाहिए, ताकि जिला को पूरी तरह से स्टे कैटल फ्री बनाया जा सके। बैठक में गोशालाओं के प्रतिनिधियों ने टीन शेड की व्यवस्था, अनुदान राशि और अन्य समस्याओं के बारे में डीसी को अवगत कराया।
डीसी ने बताया कि गोसेवा आयोग द्वारा समय-समय पर गोशालाओं को अनुदान की राशि दी जाती है जिससे संचालन में सहायता मिलती है। उन्होंने जिले की पंजीकृत गोशालाओं के प्रतिनिधियों से कहा कि वे गोशालाओं में टीन शेड बनवाने के लिए जल्द से जल्द आवेदन करें ताकि आयोग द्वारा ग्रांट दी जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि गोवंशों को गोशालाओं में छोड़ने से पहले टैगिंग करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गोशालाओं में बेहतर व्यवस्थाएं बनाने में सहयोग देने वाले सरपंचों को भी सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया जाएगा।