15जेएनडी14: विजेता खिलाड़ी मेडल दिखाते हुए। स्रोत कोच
जींद। 36वीं नेशनल सीनियर मैन वूमेन कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने कांस्य पदक जीता है। कोषाध्यक्ष मंजीत सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता दो से पांच फरवरी तक लोअर लेक भोपाल में आयोजित हुई जिसमें देशभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जींद जिले के लज्जा राम वाटर स्पोर्ट्स क्लब पांडु पिंडारा के महिला और पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। महिला वर्ग का नेतृत्व करते हुए सी4-1000 मीटर स्पर्धा में मीनाक्षी, ज्योति, मुस्कान और आंचल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
चारों खिलाड़ी लज्जा राम गुरुकुल विद्यापीठ की छात्राएं हैं। खिलाड़ियों को यह सफलता कोच रवींद्र (भीम अवाॅर्डी) और मुख्य महिला कोच मनीषा रानी के मार्गदर्शन में मिली। मनीषा रानी हरियाणा खेल विभाग में कार्यरत हैं और लंबे समय से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर तैयार कर रही हैं। कोचों ने कहा कि निरंतर अभ्यास और टीम भावना ही सफलता की कुंजी है। इस अवसर पर स्कूल चेयरमैन राजेश स्वरूप जी महाराज व क्लब के सहायक कोच सुनील ने भी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
कोषाध्यक्ष मंजीत सिंह ने कहा कि इस उपलब्धि से न केवल हरियाणा प्रदेश बल्कि जींद जिले का भी नाम रोशन हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर देश का नाम ऊंचा करेंगी।