जींद। निशुल्क व अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत जरूरतमंद विद्यार्थियों को मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की तारीख अब 30 अप्रैल कर दी गई है। पहले ऑनलाइन आवेदन की तारीख 25 अप्रैल तक थी।
मौलिक शिक्षा हरियाणा के निदेशालय ने तीसरी बार ऑनलाइन आवेदन की तारीख बढ़ाई है। शुरुआत में पहले ऑनलाइन आवेदन की तारीख 15 अप्रैल से लेकर 19 अप्रैल थी, जिसे दूसरी बार बढ़ाकर 25 अप्रैल तक कर दिया गया था। अब ऑनलाइन आवेदन की तारीख 25 अप्रैल से बढ़ाकर 30 अप्रैल तक कर दी गई है। जिन अभिभावकों ने 19 अप्रैल तक दाखिले के लिए आवेदन किया है, उन्हें दोबारा से फार्म में संशोधन करते हुए दोबारा से फार्म सबमिट करना होगा, नहीं तो उनका आवेदन पोर्टल पर रद्द माना जाएगा।
जिस मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय के पास 25 प्रतिशत सीटों से अधिक ऑनलाइन दाखिले फार्म प्राप्त होंगे तो जिला स्तरीय कमेटी अभिभावकों की उपस्थिति में ड्राॅ निकालना सुनिश्चित करेंगे। जिले के विभिन्न स्कूलों ने आरटीई के तहत नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी कक्ष में कुल 2341 सीट दर्शाई हैं। इसमें से नर्सरी कक्षा में 1908, एलकेजी कक्षा में 40, यूकेजी कक्षा में 60 और ग्रेड-1 में 324 सीट शामिल हैं। अधिक जानकारी के लिए अभिभावक विभागीय वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं।
तकनीकी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर करें संपर्क
वहीं किसी भी प्रकार की तकनीकी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0172-5049801 पर सुबह 9 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक सभी कार्य दिवस के दौरान संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा जिन मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में बच्चे वर्ष 2022-23, 2023-24 और 2024-25 में पहले से पढ़ रहे हैं, वह स्कूल उन विद्यार्थियों को अगली कक्षा में अपग्रेड करेंगे। आरटीई के तहत निजी स्कूलों में जरूरतमंद विद्यार्थियों के दाखिले केवल नर्सरी, केजी और प्रथम कक्षा में दिए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन की तारीख समाप्त होने के बाद संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी जमा कराए गए दस्तावेजों की पुष्टि उपरांत आवेदन को स्वीकार या अस्वीकार करेगें। सत्यापन करने की प्रक्रिया पोर्टल के माध्यम से होगी। सत्यापन प्रक्रिया के उपरांत जिन आवेदनों की पुष्टि या जांच सही पाई जाएगी, उन आवेदनों की सूची को विभागीय वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। इसके बाद अभिभावकों को विद्यार्थियों के दाखिले से संबंधित दस्तावेज संबंधित विद्यालयों में दाखिले के समय जमा करवाने होंगे।
अब 30 अप्रैल तक हो सकेंगे आवेदन
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी डॉ. सुभाष वर्मा ने बताया कि आरटीई के तहत निजी स्कूलों में आवेदन की अंतिम तारीख को बढ़ा दिया गया है। अब अभिभावक 30 अप्रैल तक दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 25 अप्रैल थी। आवेदन की अवधि समाप्त होने के बाद जिस मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय के पास 25 प्रतिशत सीटों से अधिक ऑनलाइन दाखिले फार्म प्राप्त होंगे तो जिला स्तरीय कमेटी अभिभावकों की उपस्थिति में ड्रॉ निकालना सुनिश्चित करेंगे।