राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जहां साइकिल मेले का आयोजन होगा। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले अनुसूचित जाति के 9वीं व 11वीं कक्षा के जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग साइकिल मुहैया करवाएगा। जो विद्यार्थी दो किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर स्कूल में आते हैं, ऐसे विद्यार्थियों के लिए इसका काफी लाभ होगा। 13 सितंबर को डिफेंस कालोनी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में साइकिल मेला का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान विद्यार्थी 20 व 22 इंची साइकिल अपनी पंसद अनुसार खरीद सकते हैं। शिक्षा विभाग द्वारा दोनों आकार की साइकिलों का रेट जीएसटी समेत 20 इंची साइकिल 3100 व 22 इंची साइकिल 3300 रुपये निर्धारित किया गया है। अगर अभिभावक व विद्यार्थी शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित रेट से ज्यादा रेट की साइकिल पसंद करते हैं तो निर्धारित राशि से ज्यादा की जो भी राशि होगी, वह अभिभावकों को अपनी जेब से देनी होगी। अनुसूचित जाति की जो छात्राएं छात्रा परिवहन सुरक्षा योजना का लाभ ले रही हैं, वह इस योजना का लाभ नहीं ले सकती। ऐेसे में जरूरतमंद विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने साइकिल बेचने वाले दुकानदार, डीलर, डिस्ट्रीब्यूटर व निर्माताओं को निर्देश दिए हैं कि डिफेंस कालोनी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 13 सितंबर को अपने मॉडल प्रस्तुत करें।
राजकीय विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे 9वीं व 11वीं कक्षा के अनुसूचित जाति के ऐसे विद्यार्थी, जिनके अपने गांव में 9वीं व 11वीं कक्षा के स्कूल नहीं हैं तथा अन्य गांव में दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय करके विद्यालय जाना पड़ता है। उनके लिए शिक्षा विभाग द्वारा साइकिल वितरण मेला का आयोजन किया जा रहा है। यह साइकिल मेला 13 सितंबर को डिफेंस कालोनी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में लगेगा। मेले का समय सुबह दस बजे से लेकर शाम चार बजे तक का रहेगा।
-सुमित्रा देवी, उप जिला शिक्षा अधिकारी जींद।