17जेएनडी23: सीआरएसयू की टीम का माला पहनाकर स्वागत करते सीआरएसयू स्टाफ। स्रोत विवि
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। चेन्नई में दस मार्च से 14 मार्च तक आयोजित कलई सरल राष्ट्रीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की टीम ने अंधविश्वास विषय पर कोरियोग्राफी प्रस्तुत कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में देशभर के 25 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लेकर प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। कलाकारों ने दिल्ली के चर्चित बुराड़ी कांड को जीवंत रूप में मंच पर उतारकर दर्शकों को स्तब्ध कर दिया।
सशक्त अभिनय, सटीक भाव-भंगिमा और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि अंधविश्वास के दुष्परिणाम कितने भयानक हो सकते हैं। इस प्रस्तुति ने न केवल जजों का दिल जीता बल्कि वहां मौजूद जनसमूह को सोचने पर मजबूर कर दिया।
सफलता की इस कहानी में विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों का सामूहिक प्रयास शामिल रहा। टीम में सिमरन, श्वेता, स्नेहा, निकिता, मुस्कान, तन्नू, रवि, कमल, सुमित, तम्मना, अमित और रोशन जैसे प्रतिभावान छात्र शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों ने शानदार अनुशासन और टीम वर्क का परिचय दिया।
कुलसचिव डॉ. राजेश बंसल ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने एक संवेदनशील विषय को जिस गहराई से प्रस्तुत किया। ऐसी प्रस्तुतियां समाज में सकारात्मक बदलाव लाती हैं।