संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय ने इस सत्र की सभी परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. निहाल सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय कुलपति डॉ. रणपाल सिंह के निर्देशन में परीक्षा 23 मई से 21 परीक्षा केंद्रों पर प्रारंभ हुई थी और 21 जून को संपन्न हुई थी।
इसी समय अवधि में विश्वविद्यालय के सभी अंतिम वर्ष के परिणाम 28 जून तक घोषित कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अपनी स्नातकोत्तर की पढ़ाई के लिए देश के किसी भी विश्वविद्यालय में दाखिला ले सकते हैं। कुलपति डॉ. रणपाल सिंह व विश्वविद्यालय कुलसचिव प्रो. लवलीन मोहन ने बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए कर्मचारियों को बधाई दी है।
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि बीए में 55.28 प्रतिशत, बीकॉम में 54.88 प्रतिशत, बीएससी में 63.46 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए हैं। बीए में उचाना के राजकीय कॉलेज की छात्रा अंजलि ने 85.79 प्रतिशत अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। एसडी महिला कॉलेज नरवाना की काजल ने 83.17 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। उचाना के राजकीय कॉलेज की अंतिम ने 82.88 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बीकॉम में राजकीय कॉलेज सफीदों की श्रुति ने 81.5 प्रतिशत अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। एसडी महिला कॉलेज नरवाना की मिताली ने 81.17 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। जींद के राजकीय महिला कॉलेज की काफी ने 79.92 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बीएससी बायोटेक में राजकीय कॉलेज जींद की नेहा ने 86.52 प्रतिशत अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। राजकीय पीजी कॉलेज की शिक्षा ने 80.55 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसी कॉलेज की निकिता ने 80.17 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बीएससी मेडिकल में नरवाना के केएम राजकीय कॉलेज की महक गोयत ने 89.31 प्रतिशत अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। राजकीय महिला कॉलेज जींद की संध्या ने 87.83 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। राजकीय कॉलेज जींद की मोनिका ने 86.62 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बीएससी नॉन मेडिकल में हिंदू कॉलेज की मोनू ने 91.21 प्रतिशत अंकों के साथ पहला, नरवाना के केएम राजकीय कॉलेज की काफी ने 88.6 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा, राजकीय पीजी कॉलेज की अंजू ने 87.9 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बॉक्स
बीएड और एमएड की परीक्षा तिथियों में हुआ बदलाव
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. निहाल सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में बीएड और एमएड की परीक्षाओं की तिथि में बदलाव किया गया है। जो परीक्षा पहले 12 जुलाई से शुरू होने वाली थी, उनकी तिथि बढ़ाकर 15 जुलाई कर दी गई है। बताया कि यह निर्णय विश्वविद्यालय के अंदर 12, 13 और 14 जुलाई को होने वाले एंट्रेंस टेस्ट को ध्यान में रखकर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बीएड और एमएड की सभी परीक्षाएं सायं के सत्र में होगी।