नरवाना। बाजारों में आज भी अच्छी खासी लोगों की भीड़ उमड़ी हुई है। ऐसे में दीपावली त्योहार के चलते लोग बढ़-चढ़कर खरीदारी कर रहे हैं
मंगलवार को भी शहर के मुख्य बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही रही जो देर रात तक जारी रही। भगत सिंह चौक से लेकर अपोलो चौक, रेलवे रोड और स्टेशन तक दुकानदारों ने आकर्षक सजावट और डिस्काउंट ऑफर के साथ ग्राहकों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
विशेष रूप से कपड़े और जूतों की दुकानों पर भारी भीड़ देखने को मिली। कई जगहों पर लगी सेल में ब्रांडेड टी-शर्ट्स मात्र 100 से 150 रुपये में उपलब्ध थीं जिससे युवा वर्ग के साथ महिलाओं ने भी जमकर खरीदारी की। खरीददारी करने आई एक महिला ने बताया कि इतने कम दाम में अच्छी क्वालिटी के कपड़े मिलना बेहद दुर्लभ है।
वहीं युवाओं ने कहा कि सामान्य दिनों में जो टी-शर्ट या लोवर शोरूम में तीन गुना कीमत पर मिलते हैं वही अब सेल में बहुत सस्ते दामों पर उपलब्ध हैं। दुकानों पर रंगीन लाइटें, सजे हुए शोकेस, दीयों की जगमगाहट और मिठाइयों की खुशबू से बाजार पूरी तरह त्योहारमय हो उठा।
इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं, सजावट के सामान और घरेलू उपयोग की चीजों की बिक्री में भी इस बार खासा इजाफा हुआ। दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष ऑफर, गिफ्ट पैक और डिस्काउंट स्कीमें चलाईं।
शहर के कई परिवारों ने धार्मिक परंपरा के अनुसार मंगलवार को भी दीपावली मनाई। ऐसे घरों में रंगोली, दीपक और फूलों से सजे द्वार उत्सव की चमक बिखेर रहे थे। स्थानीय व्यापारी पंकज गोयल, राकेश, सुनील, राजेश जैन, नरेश जैन का कहना है कि इस बार दीपावली कारोबार के लिहाज से बेहद लाभदायक रही। ग्राहकों की भीड़ और बढ़ी हुई बिक्री ने पिछले वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया।