जींद। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से ग्रुप सी में चयनित किए गए युवाओं की मेडिकल प्रक्रिया शुरू हो गई है। मेडिकल करवाने के लिए चयनित युवाओं की भीड़ नागरिक अस्पताल में बुधवार सुबह ही लग गई थी। मेडिकल प्रक्रिया पूरी करने के लिए सिविल सर्जन कार्यालय व विशेषज्ञ चिकित्सकों के कार्यालय के बाहर लंबी लाइन लगी रही।
स्वास्थ्य महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार सिविल सर्जन डॉॅ. गोपाल गोयल ने सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों को ड्यूटी पर तैनात रहने के आदेश दिए हुए हैं, ताकि मेडिकल की प्रक्रिया प्रभावित न हो। इसके लिए अस्पताल प्रशासन की तरफ से विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी का रोस्टर बनाकर ड्यूटी लगाई है। सिविल सर्जन डॉ. गोपाल गोयल ने बताया कि चयनित उम्मीदवारों के मेडिकल के लिए चिकित्सकों की स्पेशल ड्यूटी लगाई गई है। सभी लिपिकों, तकनीशियनों व हेल्थ स्टाफ को भी मेडिकल के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मेडिकल फिटनेस जांच को लेकर प्रार्थियों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।