हरियाणा के जींद के गांव गढ़ी से पिस्तौल के बल पर तीन युवकों ने चालक को बंधक बना गाड़ी व नकदी लूट ली और चालक को गांव गुरथली के निकट छोड़ कर फरार हो गए। लुटेरों ने चालक के साथ मारपीट भी की। गढ़ी थाना पुलिस ने घायल चालक की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट, शस्त्र अधिनियम, अपहरण, मारपीट समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
गांव नेपेवाला निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह नरवाना में तंबाकू व हुक्के बेचने की दुकान चलाता है। बुधवार शाम को 8 बजे दुकान को बंद कर वह अपनी गाड़ी में गांव नेपेवाला के लिए रवाना हुआ था। जानकार गाड़ी में सवार होने के चलते उसने उन्हें गढ़ी बस अड्डे पर उतार दिया। इसी बीच एक व्यक्ति ने इशारा कर शीशा उतारने के लिए कहा।
जब वह व्यक्ति से बातचीत कर रहा था तो पीछे से दो व्यक्ति गाड़ी में घुस आए और हथियार के बल पर काबू कर उसे पिछली सीट पर डाल लिया। आरोपियो ने उसके साथ मारपीट की। साथ ही उन्होंने गाड़ी में जीपीएस लगे होने के बारे में पूछा। फिर आरोपियो ने उस से पर्स, मोबाइल फोन व अन्य कागजात छीन लिए।
पर्स में दस हजार रुपये की नकदी थी और एटीएम कार्ड भी था। आरोपियो ने उस से हथियार दिखा कर एटीएम का पिन भी पूछ लिया। जिसके बाद आरोपित उसे इधर-उधर घुमाते हुए गांव गुरथली के निकट नहर पटरी पर छोड़ कर गाड़ी को लेकर फरार हो गए।
जिसके बाद वह जलघर भवन में पहुंचा और कर्मचारियों को वारदात के बारे में अवगत करवाते हुए पुलिस को सूचना दी। बाद में पुलिस ने लुटेरे युवकों को तलाशा की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। गढ़ी थाना पुलिस ने सुरेंद्र की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।