हरियाणा के जींद जिले के उचाना कलां के वार्ड नंबर 10 में 24 वर्षीय युवक अजय को बंधक बनाने के बाद पिटाई कर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। चौकी पुलिस ने मृतक की भाभी मुकली देवी की शिकायत पर एक महिला समेत तीन के खिलाफ बंधक बना कर जहरीला पदार्थ जबरदस्ती खिलाकर हत्या का मामला दर्ज किया है।
मुकली देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार सुबह 10 बजे वह तथा उसका देवर घर पर काम कर रहे थे। उनके घर उचाना कलां निवासी रामभक्त आया और अपने साथ उसके देवर अजय को ले गया। कुछ देर बाद रामभक्त फिर उनके घर पहुंचा। रामभक्त ने कहा कि उन्होंने अजय को घर में बंधक बनाकर रखा हुआ है और जान से मान देंगे।
जब वह रामभक्त के घर पहुंची तो अजय जमीन पर पड़ा था और उसके हाथ-पांव बांध रखे थे। अजय के पास सोनू व रीनू भी खड़े थे। सोनू के हाथ में लोहे की रॉड थी और रीनू के हाथ में लकड़ी का डंडा था जो अजय को पीट रहे थे। अजय के मुंह से सफेद झाग निकल रहे थे।
इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उसने अजय कुमार को किसी तरह उचाना के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। यहां से उसे हिसार के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं मृत्तक के भाई राममेहर ने बताया कि अजय रोहतक स्थित पंडित लख्मीचंद विश्वविद्यालय में चालक था जो कि अनुबंध के आधार पर नौकरी करता था।
चौकी इंचार्ज बलवान सिंह ने बताया कि मृतक की भाभी मुकली देवी की शिकायत पर एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ बंधक बनाने, जबरदस्ती जहर देकर हत्या करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं एक अन्य महिला ने भी लगाया फंदा
वहीं उचाना कलां में एक महिला ने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर देख रही है। युवक अजय तथा मृतक महिला आपस में देवर भाभी बताए जा रहे हैं। फिलहाल महिला ने फंदा क्यों लगाया इसका खुलासा नहीं हो पाया है। शनिवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। डीएसपी नरसिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक जो तथ्य सामने आए हैं, उनकी जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा।