हरियाणा के जींद के नरवाना में केएम राजकीय कॉलेज में जिस तरह से छात्रों के बीच खूनी संघर्ष हुआ, वह मां-बाप के लिए गंभीर सदमा है। गांव दनौदा कलां निवासी सत्यवान खेतीबाड़ी करके अपने बच्चों को इसलिए पढ़ा रहे थे ताकि बच्चे पढ़-लिखकर इस लायक बन जाएं कि बुढ़ापे में वह उनका सहारा बन सकें। एक बेटा तो एक निजी कंपनी में काम करता है जबकि दूसरा अभी नौकरी की तैयारी कर रहा था।
दोनों की अभी तक शादी भी नहीं हुई थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर विवाद की जड़ तक पहुंचने का प्रयास कर रही है लेकिन अभी तक मामले का पूरी तरह से खुलासा नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में घायल मोहित व प्रवीण से पूछताछ कर रही है ताकि विवाद व आरोपियों का पता लगाया जा सके।
कॉलेज में जब विवाद हुआ तो मोहित व मदन एक बाइक पर आरोपी युवकों से बचने के लिए फरार हो गए। दोनों का आरोपी युवकों ने पीछा किया। गुरथली रोड पर नहर के पास करीब दो किलोमीटर चलने के बाद अचानक मदन की बाइक खराब हो गई। जब वह बाइक को दोबारा स्टार्ट करने की कोशिश कर रहा था तो आरोपी युवक मौके पर पहुंच गए और उस पर हमला कर दिया। यदि बाइक खराब नहीं होती तो मदन आरोपी युवकों के हत्थे नहीं चढ़ता।
यह भी पढ़ें : Jind: नरवाना कॉलेज में दो गुटों में खूनी झड़प, डिग्री लेने आए छात्र पर लाठी-डंडों से हमला कर हत्या
आरोपी युवक मदन और मोहित को अधमरा समझ रहे थे लेकिन मदन की मौत हो गई। इसके बाद दोनों को उठाकर आरोपी युवक कॉलेज में डाल गए। वहीं परिजनों का कहना है कि आरोपी युवक दोनों का अपहरण कॉलेज से करके ले गए और हत्या के बाद फेंक गए।
फिलहाल इस मामले में पुलिस भी कोई ठोस निर्णय पर नहीं पहुंच पाई है। पुलिस कॉलेज के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि सच्चाई का पता चल सके। घायल मोहित व जान बचाकर भाग निकले प्रवीण से पूछताछ की जा रही रही है।
खेतीबाड़ी करके अपने बच्चों को पढ़ा रहे थे सत्यवान
गांव दनौदा कलां निवासी सत्यवान के दो बेटे हैं। इनमें मदन छोटा है जोकि बीए पास कर चुका है। उस जबकि बड़ा लड़का किसी निजी कंपनी में काम करता है। दोनों की शादी भी नहीं हुई । मार्च महीने में दोनों की एक साथ शादी करने की सत्यवान ने योजना बनाई थी लेकिन उसे क्या पता था कि उसके एक बेटे की छात्रों के आपसी विवाद में जान चली जाएगी।