करीब दो माह पूर्व जुलाना के वार्ड नंबर दो में महिला और उसकी छह साल की बेटी की जलाकर हत्या के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर महिला के परिजन एसएसपी शशांक आनंद से मिले। इन लोगों ने कहा कि अभी तक इस मामले में पुलिस कार्रवाई से उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। एसएसपी शशांक आनंद ने मामले में पूरी जांच कर दोषियों को सजा दिलवाने का आश्वासन दिया है।
एसएसपी को दी शिकायत में महिला के पिता महेंद्र, ग्रामीण राजबीर, संजीव, पंजक, विशाल, आजाद, डॉ. दलबीर, बलवान व सीताराम ने कहा कि आरोपियों के नंबरों की कोई भी कॉल डिटेल उन्हें उपलब्ध नहीं करवाई गई है। इन लोगों ने कहा कि एक लड़के ने घटना स्थल पर होने का दावा किया था, लेकिन पुलिस ने उससे कोई जांच नहीं की है। आरोप है कि वह लड़का एक आरोपी का भाई है और उनसे मिला हुआ है। अभी भी कुछ लोगों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इन लोगों का कहना है कि एसएसपी ने स्वयं पुलिस के कुछ अधिकारियों पर केस खराब करने का आरोप लगाया था, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है।