हरियाणा के जींद में सफीदों के विधायक सुभाष गांगोली को व्हाट्सअप मैसेज तथा इंटरनेट से कॉल कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के छह आरोपियों को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बिहार राज्य के गोपाल गंज निवासी अमित यादव, जिला बातिया निवासी आलम, जिला मोतिहारी निवासी अनवर, जिला मुजफ्फरपुर निवासी मनोज कुमार और जिला बस्ती (उत्तर प्रदेश) निवासी बदरी आलम के तौर पर हुई है।
सफीदों से कांग्रेस विधायक सुभाष गांगोली ने 29 जुलाई को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 28 जुलाई देर रात को उसके मोबाइल फोन पर व्हाट्सअप मैसेज आया था तथा बाद में इंटरनेट से कॉल आई थी। व्हाट्सअप मैसेज भेजने वाले ने अपने आप को दुबई से विक्की गिल बताया था। 28 जुलाई को दिन में उसी नंबर से फिर व्हाटसअप कॉल तथा मैसेज आया, जिसने गोल्डी बराड़ के नाम से पांच लाख रुपये देने के बारे में कहा था, इस पर विधायक ने गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद उसके फोन पर धमकियां आने लगी।
विधायक ने पुलिस को बताया था कि व्यक्तिगत तौर पर उनकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है। न ही वह किसी विक्की गिल के नाम के व्यक्ति को जानता है। शहर थाना सफीदों पुलिस ने विधायक सुभाष गांगोली की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ चौथ मांगने का मामला दर्ज कर जांच एसटीएफ को सौंपी गई थी।
आरोपियों ने सोनीपत, गुडगांव तथा सफीदों में कॉल कर फिरौती मांगते हुए धमकी दी थी। आरोपियों को प्रोटेक्शन वारंट पर लेकर दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से मामले से जुड़े तथ्यों को खंगाला जाएगा।
-इंस्पेक्टर हरिओम, जांच अधिकारी, एसटीएफ