पानीपत रेललाइन पर गश्त कर रहे आरपीएफ जवानों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि संदिग्ध युवकों से पूछताछ करने पर जवानों से मारपीट की गई। एक जवान को बाइक पर अगवा कर बंधक बना लिया गया। ग्रामीणों ने बामुश्किल जवान को छुड़ाया। इस मामले में जवान की शिकायत पर मंजीत, अमित, नवदीप, साहिल के खिलाफ नामजद व दो अन्य के खिलाफ मारपीट, धमकी देने, बंधक बनाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।
जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि आरपीएफ जींद थाने में तैनात जवान प्रवीण कुमार 24 दिसंबर को सिपाही संदीप कुमार के साथ पानीपत रेललाइन पर गश्त कर रहे थे। सुंदरपुर और लखमीरवाला गांव के बीच एक बाइक पर दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। उन्होंने बाइक रुकवाकर उनसे नाम-पता पूछा तो दोनों युवक -गलौज करने लगे।
कुछ देर बाद दो बाइकों पर चार युवक और आ गए। इसके बाद सभी ने मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि जवानों की वर्दी तक फाड़ दी। इसके बाद संदीप का बाइक पर अपहरण कर ले गए। जब उन्होंने संदीप के मोबाइल फोन किया तो युवकों ने कॉल रिसीव की। बोले-वह सुंदरपुर गांव में हैं। जब वे सुंदरपुर गांव पहुंचे तो वहां पर भी उनको पीटा गया। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें छुड़वाया।