लूट की जानकारी देता ठेके का सेल्समैन।
- फोटो : संवाद
हरियाणा के जुलाना में शराब के ठेके पर लूट हुई है। गाड़ी सवार बदमाश ठेके से शराब की पेटियां और कैश लेकर फरार हो गए। जुलाना के गांव जैजैवंती के शराब के ठेके पर बदमाशों ने रविवार रात को लूट की घटना को अंजाम दिया।
शराब के ठेके के सेल्समैन रामदिया ने बताया कि रात को वह शराब के ठेके के अंदर सो रहा था। रात करीब एक बजे चार से पांच बदमाश आए और उसके हाथ बांध दिए। बदमाशों ने शराब के ठेके से 14 पेटी अंग्रेजी शराब और 11 पेटी देशी शराब उठाकर ले गए। इतना ही नहीं लुटेरे शराब ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी साथ ले गए।
पुलिस ने नाकों की चेकिंग कर जब रेलवे फाटक के पास पहुंचे तो उन्होंने गाड़ी का हुटर बजा दिया तो बदमाश मौके से फरार हो गए। चेकिंग के दौरान पाया कि बाहर शराब की पेटियां पड़ी हुई थी और जब थाना प्रभारी ने अंदर जाकर देखा तो सेल्समैन के हाथ बंधे हुए थे। बदमाशों की पहचान ना हो इसलिए बदमाशों ने कैमरा तोड़ दिया और डीवीआर और सेल्समैन का मोबाइल उठा ले गए। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई है।
जुलाना थाना प्रभारी जगदीश राम ने बताया कि जैजैवंती गांव के शराब के ठेके पर अज्ञात बदमाशों ने लूट की है। रात के समय जब नाकों की चेकिंग की जा रही थी तो फाटक बंद होने के कारण बदमाशों को नहीं पकड़ा जा सका। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।