गांव बिटानी में एक छात्र की हत्या कर शव को गांव के बाहर फेंक दिया। इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी बलवान सिंह व एसएफएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक छात्र की मां ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी गुलाब सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
बिटानी निवासी बलराज का 15 वर्षीय बेटा दीपक उर्फ कालू गांव के राजकीय हाई स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता था। बुधवार को वह स्कूल से आकर बाहर चला गया, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटा। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। वीरवार सुबह गांव के बाहर खाली पंचायती जमीन पर ग्रामीणों ने झाड़ियों में शव दिखाई दिया। क्षत-विक्षप्त हालत में होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। रात से दीपक के गायब होने से उसकी मां राजो देवी मौके पर पहुंच गई और शर्ट के माध्यम से दीपक की पहचान कर ली।
सूचना मिलने के बाद पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस व एसएफएल की टीम मौके पर पहुंची। मृतक दीपक की मां राजो देवी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाए कि उनका गांव के गुलाब सिंह के साथ कुछ दिन पहले झगड़ा हुआ था। उसके बाद से गुलाब सिंह रंजिश रखता था। बुधवार को गुलाब सिंह उसके बेटे दीपक को घर से बुलाकर ले गया था। उसके बाद से वह घर नहीं लौटा था। उसने आरोप लगाया कि गुलाब ने ही उसके बेटे की हत्या कर शव गांव से बाहर फेंक दिया। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर जींद के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने राजो देवी की शिकायत पर गांव बिटानी निवासी गुलाब के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
स्कूल से लौटते ही बनवाया पेन कार्ड
मृतक दीपक के चाचा राजबीर ने बताया कि बुधवार को स्कूल से लौटते ही दीपक ने खाना खाया और उसके बाद गांव की चौपाल में जाकर पेन कार्ड बनवाया। इसके बाद वह घर से चला गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह उसका शव गांव के बाहर पड़ा मिला।
छात्र दीपक बुधवार से ही घर से लापता था। सुबह उसका शव बाहर पंचायती जमीन पर पड़ा हुआ मिला है। परिजनों ने गांव के ही गुलाब पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बलवान सिंह, थाना प्रभारी पिल्लूखेड़ा