इसरो के तिरुवनंतपुरम स्थित विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र में तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती परीक्षा में नकल करवाने के मामले की जांच जींद में पहुंच गई है। परीक्षा देते जिले के जिन पांच युवकों को तिरुवनंतपुरम पुलिस ने पकड़ा है, उनके बताए ठिकानों पर वीरवार रात और शुक्रवार सुबह तिरुवनंतपुरम पुलिस ने दस्तक दी।
उचाना पुलिस को साथ लेकर तिरुवनंतपुरम पुलिस काकड़ौद, थुआ व दुर्जनपुर गांवों में पहुंची और आरोपियों के घरों को खंगाला। पुलिस को यहां पर कोई खास चीज हाथ नहीं लगी। सबसे अहम बात सामने आई है कि साॅल्वर गैंग के लोग तिरुवनंतपुरम में ही बैठकर परीक्षा हल करवा रहे थे। अब इनको पकड़ने के लिए पुलिस हाथ-पांव मार रही है।
जांच के लिए केरल से आए आईपीएस दीपक धनखड़, निरीक्षक हीरा लाल, मनिक अंसल की टीम ने काकड़ौद, थुआ व दुर्जनपुर गांव में कई मकानों को खंगाला। पुलिस के हाथ फिलहाल ऐसा कुछ नहीं लगा, जिससे आरोपियों को पकड़ा जा सके। जिले में 12 युवकों की पुलिस ने पहचान की है।
केरल पुलिस उन सभी 85 युवकों के संबंध में भी जांच करेगी, जिन्होंने यह परीक्षा दी थी। फिलहाल पुलिस ने हरियाणा के छह युवकों को गिरफ्तार किया हुआ है। इनमें से पांच जींद के और एक हिसार का युवक है। यह भर्ती परीक्षा 20 अगस्त को हुई थी। नकल करते हुए पकड़े जाने पर यह भर्ती परीक्षा रद्द कर दी गई। आईपीएस दीपक धनखड़ ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
तिरुवनंतपुरम में ही बैठकर करवाई जा रही थी परीक्षा हल
साॅल्वर गैंग के लोग जिस दिन परीक्षा हो रही थी, उस दिन तिरुवनंतपुरम में ही थे और ब्लूटूथ के जरिए परीक्षा हल करवा रहे थे। परीक्षा दे रहे पांच युवकों जगदीप, सोनू, अमित, मनोज व गौतम चौहान को काबू किया था। इनमें पास से नकल करने के उपकरण भी बरामद हुए हैं। पुलिस इनके बताए गए स्थानों पर साॅल्वर गैंग के युवकों को पकड़ने के लिए जींद आई हुई है।
जींद को कब-कब लगे पेपर लीक के मामले
- 2016 में एचटेट की परीक्षा में जींद शहर के चक्की मोड़ के पास कार में सवार कुछ लोग पेपर लीक करवा रहे थे। पुलिस को उनके पास से एचटेट परीक्षा के प्रश्नपत्र की आंसर-की उनके पास थी।
- वर्ष 2018 में लखनऊ में इलाहाबाद हाईकोर्ट के असिस्टेंट रिव्यू ऑफिसर (एआरओ) की परीक्षा में हरियाणा का सॉल्वर गैंग पकड़ा गया था। इसमें जींद के चार युवक शामिल थे।
- वर्ष 2019 में दिल्ली कोर्ट भर्ती में जींद के काकड़ौद गांव में मोबाइल फोन और ब्लू टूथ से परीक्षा करवाते जींद के तीन युवक पकड़े गए थे।
- वर्ष 2019 में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की क्लर्क भर्ती परीक्षा लीक में भी जींद के युवकों का नाम सामने आया था।
- वर्ष 2023 में पलवल में केंद्रीय विद्यालय की ऑनलाइन प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा में हैकिंग के माध्यम से पेपर सॉल्व करते जींद के ईगराह गांव निवासी दीपक पकड़ा गया था।
- वर्ष 2023 में जींद में कार्यरत रेलवे गैंगमैन कपिल का नाम भी समालखा में केंद्रीय विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती की परीक्षा का पेपर हल करने के मामले में सामने आया था। कपिल पर वर्ष 2020 में रेलवे की ग्रुप डी की भर्ती में नकल करवाने का आरोप था।