गांव खोखरी में एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। मरने वाले ने सुसाइड नोट में अपने ही दामाद सहित तीन लोगों पर पैसे हड़पकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मरने वाले के बेटे की शिकायत पर तीन लोगों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। नामजद होने वालों में कबड्डी का एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी है।
पुलिस के अनुसार गांव खोखरी निवासी सीताराम ने शनिवार देर शाम जहरीला पदार्थ निगल लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उपचार के दौरान मौत हो गई। जहर निगलने की सूचना पर पहुंची और उसकी जेब से एक सुसाइड नोट बरामद किया। इसमें उसने अपने दमाद गांव रामकली निवासी राकेश, उसके भाई कमलजीत, कबड्डी के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और हरियाणा पुलिस के हवलदार नरेश पर उसकी जमीन बिकवाकर 58 लाख रुपये हड़पने के आरोप लगाए।
उसने आरोप लगाया कि जब रुपये मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इससे मजबूर होकर आत्महत्या कर रहा है। पुलिस ने मृतक के बेटे दीपक की शिकायत पर गांव रामकली निवासी राकेश, उसके भाई कमलजीत, कबड्डी के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और हरियाणा पुलिस के हवलदार नरेश के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। मृतक के बेटे दीपक ने बताया कि उसकी बहन पिंकी के पति राकेश ने अपने भाई कमलजीत तथा दोस्त नरेश के साथ मिलकर पिता की ढाई एकड़ जमीन को बिकवा दिया। इस दौरान जमीन बेचकर आए 58 लाख रुपये को तीनों ने यह कहकर ले लिया कि इस राशि से दूसरी जगह पर जमीन लेकर दे देंगे। हालांकि दो वर्ष से ज्यादा समय होने के बावजूद आज तक न तो राशि ही लौटाई गई और न ही जमीन दी गई। जिसके चलते उसके पिता परेशान थे। इसके चलते उन्होंने आत्महत्या कर ली।
मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें मृतक ने अपने दमाद सहित तीन लोगों पर पैसे हड़पकर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाए है। जिसके आधार पर तीनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
-बीरबल सिंह, जांच अधिकारी, सदर थाना जींद