गांव बरसोला में पति-पत्नी के झगड़े में बीच बचाव करने की गई महिला की ईंट मारकर हत्या कर दी है। हत्यारोपी मौके से फरार हो गया। हत्या की सूचना पाकर सदर थाना प्रभारी कैलाशचंद्र मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतका के बेटे की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार गांव बरसोला निवासी खुशीराम रविवार रात को शराब पीकर घर पर पहुंचा। नशे में धुत्त होकर पत्नी और बच्चों के साथ मार पिटाई करना शुरू कर दिया। मार पिटाई से चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाली उसकी भाभी सावित्री (50) मौके पर पहुंच गई और बीच बचाव करने लगी।
जब सावित्री ने खुशीराम का विरोध किया, तो उसने ईंट उठाकर वार कर दिया। इसमें सावित्री के सिर पर ईंट लग गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के बेटे अनिल ने पुलिस शिकायत में बताया कि उसका चाचा अक्सर शराब के नशे में अपने ही परिवार के सदस्यों की पिटाई करता है। रविवार को जब उसकी मां सावित्री बीच बचाव करने के लिए गई, तो उसके चाचा खुशीराम ने ईंट से वार करके उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी खुशीराम मौके से फरार हो गया। बाद में सदर थाना पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अनिल की शिकायत पर आरोपी खुशीराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
सदर थाना प्रभारी कैलाशचंद्र ने बताया कि रात को सूचना मिली थी कि एक महिला की ईंट मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।