दिन-दहाड़े तीन बदमाशों ने जींद-रोहतक मार्ग पर नई अनाज मंडी के सामने दवा विक्रेता से मारपीट कर कार छीन ली। वारदात को अंजाम देकर बदमाश कार लेकर फरार हो गए। इसकी सूचना जुलाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को दवा विक्रेता अनूप अपनी कार में सवार होकर जींद से रोहतक की तरफ जा रहा था। जब अनूप जींद-रोहतक मार्ग पर जुलाना की नई अनाज मंडी के सामने पहुंचा तो अपनी कार रोककर मोबाइल फोन पर बात करने लगा। तभी अचानक तीन बदमाश वहां आए और अनूप से मारपीट कर उसकी कार छीनकर फरार हो गए। अनूप ने इसकी शिकायत जुलाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी।