धौला कुआं के निकट रविवार को एक मकान में अचानक आग लग गई। आग के कारण मकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। मकान में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन गनीमत रही कि घर के अंदर रखा गैस सिलेंडर को दमकल विभाग के कर्मचारी रामनिवास ने बाहर निकालकर बड़ा हादसा टल दिया। अगर सिलेंडर फट जाता तो भारी नुकसान हो सकता था। मकान में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया।
पुलिस के अनुसार धौला कुआं निवासी जयबीर और उसका भाई सोनू मजदूरी का कार्य करते हैं। रविवार को वह बाहर गए थे और घर पर केवल बच्चे थे। इसी दौरान मकान में अचानक आग लग गई और आसपास के लोगों ने बच्चों की चिल्लाने और धुआं निकलते देखकर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
लेकिन आग लगातार भड़कती गई। इसके बाद आसपास के लोगों ने इसके बारे में दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मकान मालिक जयबीर और सोनू ने बताया कि वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता है। आग के कारण टीवी, फ्रिज, बेड, वाशिंग मशीन, कूलर सहित घर का काफी सामान जल कर राख हो गया। पेटियों में बंद कपड़ों के साथ-साथ घर में रखे लगभग 12 हजार रुपये की नकदी भी जल गई।