ईगराह के पेट्रोल पंप कर्मचारी से पिस्तौल के बल पर 8,223 रुपये की नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में पेट्रोल पंप कर्मी द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर एक आरोपी का स्केच जारी किया है। बदमाशों द्वारा लूटपाट की पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, लेकिन अंधेरा होने के चलते सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों के चेहरे साफ नहीं दिखाई दे रहे हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने स्पेशल टीम का गठन किया है।
बड़ौदा निवासी रणबीर ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव ईगराह स्थित चौधरी लालाराम फिलिंग स्टेशन पर काम करता है। रविवार रात को वह ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान दो युवक पेट्रोल डलवाने के लिए और उसने 200 रुपये का पेट्रोल डाल दिया।
इस दौरान पैसे देने की बहाने बाइक के पीछे बैठा युवक नीचे उतारा। नीचे उतरते ही युवक ने पिस्तौल निकाल ली और गोली मारने की धमकी देकर रणबीर सिंह का बैग छीन लिया और बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। रणबीर ने बताया कि बैग में उस समय पेट्रोल पंप पर सेल के 8,223 रुपये थे। बाद में शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे। बाद में डीएसपी कुलवंत बिश्रोई, सदर थाना प्रभारी रोहताश सिंह मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सीसी कैमरों में हुए कैद
वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला। इसमें दोनों युवक पेट्रोल डलवाते दिखाई दे रहे हैं और पैसे देने के समय एक युवक बाइक से नीचे उतरता है और पेट्रोल पंप कर्मी को पिस्तौल दिखाकर उसके बैग को छीन लेता है। इसके बाद बाइक पर फरार हो जाते हैं। अंधेरा के चलते लुटेरों का चेहरा साफ नहीं दिखाई दे रहा है। सीसी कैमरों में आरोपी कैद होने के बावजूद भी आरोपी पहचान में नहीं आ पा रहे हैं।
स्केच किया जारी
एसएसपी शशांक आनंद ने बताया कि पेट्रोल पंप पर लूटपाट करने वाले एक आरोपी का स्केच जारी किया है। इसके आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों का सुराग लगाने के लिए स्पेशल टीम का गठन किया है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।