भ्रूण लिंग जांच करते हुए काबू किए गए नागरिक अस्पताल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के खिलाफ शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में दो निजी अस्पतालों के डाक्टरों व उनके स्टाफ के बयान दर्ज किए हैं। पकड़े गए आरोपी ने खुलासा किया कि उसने कोई लिंग जांच नहीं करवाया, बल्कि सामान्य अल्ट्रासाउंड करवा दिया और उसके बाद डमी ग्राहक को गुमराह कर दिया कि भ्रूण का लिंग मेल है। उसने केवल पैसे लेने के लिए ऐसा काम किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से मामले की गहराई से पूछताछ करेगी।
हालांकि पुलिस ने इस मामले में डमी ग्राहक महिला को देखने वाली अस्पताल की चिकित्सक और उसके स्टाफ के बयान दर्ज किए। इस दौरान पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल के अंदर जाकर पूरी जांच की गई, लेकिन वहां से कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इस दौरान पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस ने इसके बाद जीवनदीप अस्पताल के अल्ट्रासाउंड में जाकर भी जांच की और अल्ट्रासाउंड करने वाले चिकित्सक के बयान दर्ज किए। पुलिस ने वहां से डीवीआर कब्जे में ली है। इसकी जांच की जा रही है। शहर थाना प्रभारी नरसिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।