मृतक के स्थान पर फर्जी आदमी को खड़ा कर जमीन की रजिस्ट्री करवाने पर उचाना थाना पुलिस ने दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
गांव काकड़ौद निवासी फूलसिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी आठ कनाल तीन मरले कृषि योग्य जमीन थी। गांव के ही रामनिवास तथा उसकी पत्नी मुकेश ने फर्जी रजिस्टरी करवाकर अपने नाम करवा ली।
उन्होंने जब जमीन की बिजाई की कोशिश की, तो उक्त आरोपियों ने जमीन मालकीयत का दावा किया और मालकीयत से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए। पिछले साल 15 अक्टूबर को जमीन की रजिस्टरी उचाना तहसील में करवाई गई।
उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति ने रजिस्टरी करवाई, उसकी मौत काफी पहले हो चुकी है। फूलसिंह ने आरोप लगाया कि दंपति ने किसी फर्जी व्यक्ति को खड़ा करके जमीन की रजिस्ट्री करवाई है।
उचाना थाना पुलिस ने फूलसिंह की शिकायत पर मुकेश तथा उसके पति रामनिवास के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।