गांव हथवाला में घरेलू कलह के चलते पति ने अपने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और खुद ही पुलिस कंट्रोल रूम में वारदात की सूचना दी। पति ने पहले सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया और बाद में गला घोंटकर हत्या कर दी। पति हत्या को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
जुलाना थाना पुलिस और एसएफएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाया। पुलिस ने मृतका के पिता के शिकायत पर पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
गांव हथवाला निवासी दलबीर और उसकी पत्नी 35 वर्षीय पत्नी शीला के बीच में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दलबीर ने इस दौरान तैश में आकर उसके सिर पर भारी वस्तु से वार कर दिया और बाद में उसका रस्सी से गला घोंट दिया। इसमें महिला की मौत हो गई। हत्या के बाद बच्चों की रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन इस दौरान आरोपी दलबीर मौके से फरार हो गया।
हत्या की सूचना पाकर जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतका के पिता गांव बलंभा निवासी रामकुमार ने जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी शीला की लगभग 18 साल पहले दलबीर के साथ शादी हुई थी। इस दौरान उसकी बेटी शीला को तीन बच्चे हुए, लेकिन इस दौरान उसका पति दलबीर उसे परेशान रखता था और छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। इस दौरान कई बार दलबीर को समझाया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। शुक्रवार रात को घरेलू कलह के चलते उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने रामकुमार की शिकायत पर गांव हथवाला निवासी दलबीर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपी पति की तलाश कर रही है।
कई बार हुई पंचायत
मृतका के पिता रामकुमार ने बताया कि शादी के कुछ वर्ष बाद ही दलबीर और उसकी पत्नी शीला के बीच में घरेलू कलह शुरू हो गई थी। दलबीर बार-बार छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट करता था। इसको लेकर कई बार दोनों पक्षों की पंचायत हुई। पंचायत में दलबीर अपनी गलती मान लेता। लेकिन दलबीर ने अब उसकी पत्नी की हत्या कर दी।
नौ वर्षीय बेटा भी था मौजूद
पुलिस के अनुसार हत्यारोपी दलबीर ने पत्नी की गला तब तक घोंटे रखा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। इस दौरान उसका लगभग नौ वर्षीय बेटा भी कमरे में था, लेकिन वह डर गया और कमरे से बाहर निकल गया। दलबीर ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन मिलाकर पत्नी की हत्या करने की बात कही। पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना मिलने के बाद जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला का खून से लथपथ शव फर्श पर पड़ा हुआ था।