फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस के सामने महिला से 70 हजार लूटे

Thu, 01 Oct 2015 12:09 AM IST
जींद/ अमर उजाला, ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
 
विज्ञापन


हुडा काम्पलेक्स स्थित पीएनबी बैंक से बुधवार को 70 हजार रुपये निकालकर अपने बेटे के साथ जा रही महिला पर एक युवक ने गंदगी डालकर रुपये से भरा थैला लेकर फरार हो गया। यह घटना शहर के एडीसी कार्यालय के बाहर गोहाना रोड पर दिन-दहाड़े हुई। सबसे बड़ी बात तो यह है कि जहां पर यह घटना हुई वहां से महज दस मीटर की दूरी पर पुलिस वाहनों चालकों के चालान काट रही थी।

थैला लुटने के बाद महिला चिल्लाती रही और पुलिस चालान काटने में व्यस्त रही। महिला ने बताया कि उसने खेत में बिजली का कनेक्शन लेने के लिए बैंक से रुपये निकलवाए थे। इससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर एकबार फिर से सवाल उठ गए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद शहर थाना प्रभारी तेजबीर और सिविल लाइन चौकी इंचार्ज मनदीप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया लेकिन आरोपी युवक का कहीं पर कोई सुराग नहीं लगा।
विज्ञापन


गांव सिंध्वीखेड़ा ओमपति ने अपने बेटे दिनेश के साथ हुड्डा काम्पलेक्स स्थित पंजाब नेशनल बैंक से बुधवार सुबह 70 हजार रुपये निकलवाए थे। ओमपति ने राशि को थैले में डाल लिया और अपने बेटे दिनेश के साथ बाइक पर बैठकर बस अड्डे की तरफ रवाना हो गई। बैंक से कुछ दूरी पर डीआरडीए के सामने गोहाना रोड पर एक पेड़ के नीचे स्थित प्याऊ पर ओमपति ने पानी पीने की इच्छा जताई। दिनेश अपनी मां ओमपति को प्याऊ के पास उतार कर कुछ सामान लेने के लिए आगे चला गया। इसी दौरान एक युवक ने ओमपति के कपड़ों पर गंदगी डाल दी।

ओमपति ने जैसे ही कपड़ों को साफ करने के लिए थैला रखा तो युवक थैले को लेकर पैदल ही फरार हो गया। महिला ने थैला लेकर भाग रहे युवक को पकड़ने के लिए आवाज लगाई लेकिन जब तक किसी को मामला समझ आता उस समय तक युवक वहां से गायब हो चुका था। जिस समय युवक ने इस घटना को अंजाम दिया उस समय घटना स्थल से महज दस मीटर की दूरी पर पुलिस वाहन के चालान काट रही थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक चालान काट रही पुलिस टीम की तरफ ही दौड़ा लेकिन चालान काटने में व्यस्त पुलिस कर्मियों ने न तो शोर मचा रही महिला की तरफ ध्यान दिया और न ही रुपयों से भरा थैला उठाकर भाग रहे युवक को रोका। इस तरह दिन-दहाड़े सरेआम पुलिस की मौजूदगी में हुई इस घटना ने शहर की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिए।

बैंक से ही पीछा कर रहा था युवक
महिला ओमपति ने बताया कि जब वह अपने बेटे के साथ बैंक से रुपये निकलवा कर आ रही थी तो आरोपी युवक बैंक से ही पीछा कर रहा था। बैंक से पीछा कर रहे युवक ने मौका मिलते ही घटना को अंजाम दे दिया।

बिजली का कनेक्शन लेने के लिए निकलवाए थे रुपये
पीड़ित महिला के बेटे दिनेश ने बताया कि उन्होंने खेतों के लिए बिजली का कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया हुआ था और जल्द ही उन्हें कनेक्शन मिलने वाला था। कनेक्शन की राशि जमा करवाने के लिए उन्होंने बैंक से 70 हजार रुपये निकलवाए थे।

मेहनत की पूंजी लुटती देख सून्न हो गई महिला
सरेआम अपनी मेहनत की पूंजी लूटती देख महिला बिल्कुल बेबस हो गई थी। युवक को थैला उठाकर भागता देख एक बार तो महिला ने युवक को पकड़ने के लिए जोर-जोर से आवाज लगाई लेकिन युवक को आंखों से ओझल होता देख महिला का शरीर एकदम से सुन हो गया और महिला निढाल होकर सड़क किनारे बैठ गई।
विज्ञापन


पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
शहर में पहले भी इस प्रकार की दर्जन भर घटनाएं हो चुकी हैं। जाट धर्मशाला के सामने, बतख चौक, रेलवे रोड व रानी तालाब पर इस प्रकार की घटनाएं हो चुकी हैं। महिला की जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक युवक से पूछताछ की है, लेकिन अभी तक मामले का खुलासा नहीं हो सका है। शहर थाना प्रभारी तेजवीर सिंह के अनुसार जब तक महिला ने शोर मचाया, युवक वहां से जा चुका था। ऐसे में चालान कर रहे पुलिसकर्मियों को बाद में पता चला।



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें