शहर के वार्ड नंबर 14 में स्थित एक साड़ी सेंटर पर सूट और साड़ी खरीदने पहुंची चार महिलाओं ने हजारों रुपये का कपड़ा चोरी कर लिया। कपड़ा दिखाने में व्यस्त होने के कारण साड़ी सेंटर संचालिका को चोरी का पता नहीं चला। थोड़ी देर बाद सेंटर संचालिका को चोरी का पता चला। पुलिस ने सेंटर संचालिका की शिकायत पर चार अज्ञात महिलाओं के खिलाफ चोरी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
शहर के वार्ड नंबर 14 निवासी मानसिंह की पत्नी पूनम ने सफीदों पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने वार्ड में ही हरिओम साड़ी सेंटर खोला हुआ है। गत 24 सितंबर को चार महिलाएं शादी का सामान लेने के बहाने उसकी दुकान पर आई। उन्होंने शादी के लिए साड़ियां दिखाने को कहा। पूनम ने उन्हें काफी साड़ियां दिखाई। इन महिलाओं ने और सूट दिखाने के लिए कहा तो वह दुकान के गोदाम से कपड़े लेने के लिए गई। इसी दौरान इन महिलाओं ने दिखाई गई साड़ियों को चोरी कर लिया और फरार हो गई। जब उसने सूट तथा साड़ियों को संभाला तो कई साड़ियां और सूट गायब थे। पुलिस ने पूनम की शिकायत पर अज्ञात चार महिलाओं के खिलाफ चोरी तथा धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।