अवैध रुप से चल रहे शराब ठेके से पकड़ी की शराब।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के जींद में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते (सीएम फ्लाइंग) ने गांव बड़ौद के नजदीक भुसलाना-डिडवाडा मार्ग पर अवैध रूप से चल रहे शराब ठेके पर छापा मारकर काफी मात्रा में शराब तथा बीयर की बरामद की हैं। आबकारी विभाग के निरीक्षक की शिकायत पर सदर थाना सफीदों पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीएम फ्लाइंग को गुरुवार सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि गांव बडौद के नजदीक भुसलाना- डिड़वाडा मार्ग पर अवैध रूप से शराब ठेका चल रहा है। जिस जगह पर शराब ठेका चल रहा है, उसे शराब ठेकों की तरह रंग पेंट किया गया है और उस पर शराब ठेका अंग्रेजी तथा देसी लिखा भी गया है। जिसके आधार पर सीएम फ्लाइंग के निरीक्षक राजदीप के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
यह भी पढ़ें: Roadways strike in Haryana: 2000 से अधिक बसों के पहिये थमे, आज दौड़ेंगी बसें, कर्मचारियों की हड़ताल खत्म
जिसमें सब इंस्पेक्टर पवन तथा आबकारी विभाग के निरीक्षक पवन शर्मा को शामिल किया गया। टीम ने जब छापा मारा तो वहां कारिंदा गांव बाहदुरपुर निवासी कृष्ण बैठा हुआ था। छापामार टीम द्वारा दस्तावेज मांगे जाने पर कारिंदा उन्हें दिखाने में नाकाम रहा। आबकारी विभाग के रिकॉर्ड में भी शराब ठेके का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। तलाशी लेने पर शराब ठेके से 31 पेटी देशी शराब, छह पेटी अंग्रेजी तथा आठ पेटी बीयर बरामद की गई।
बड़ौद के नजदीक अवैध रूप से शराब ठेका चल रहा था। छापा मारा तो यहां 45 पेटी शराब तथा बीयर बरामद हुई हैं। आबकारी विभाग द्वारा सदर थाना सफीदों पुलिस को शिकायत दी गई है। कारिंदे से पूछताछ की जा रही है।
-रविंद्र कुमार, डीएसपी, सीएम फ्लाइंग