हरियाणा के जींद में चोरी करने के आरोप में बंधक बनाकर मारपीट करने और आग से झुलसने पर युवक को नहर में फेंककर हत्या का प्रयास करने के आरोपी आरपीएफ चौकी नरवाना के एएसआई सुलतान और एएसआई बृजपाल को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को डीएसपी गुरदयाल सिंह ने दोनों अरोपियों को अदालत में पेश किया, अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि युवक को उसके घर से उठाकर लाने में एएसआई बृजपाल और एक अन्य शामिल थे जबकि युवक को नहर में एसआई देवेंद्र और एएसआई सुलतान ने फेंका था। इस मामले की जांच में सुरेंद्र नामक एक व्यक्ति का नाम भी सामने आया है। मुख्य आरोपी एसआई देवेंद्र घर से फरार चल रहा है। अन्य आरोपी बिजेंद्र ढुल और प्रदीप को गिरफ्तार करने के लिए जीआरपी छापा मार रही है।
हुक्का भरते समय झुलसा था रवि, अस्पताल ले जाने की बजाय सिरसा ब्रांच नहर में फेंका
गौरतलब है कि ढाकल गांव के 28 वर्षीय युवक रवि ने जीआरपी चौकी नरवाना में दी शिकायत में बताया था कि 7 जून को उसके गांव से आरपीएफ के बृजपाल, बिजेंद्र ढुल और एक अन्य उसको नरवाना चौकी में उठा ले आए थे। 10 जून तक चौकी में बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की गई थी। इस दौरान उसे हुक्का भरने के लिए आग जलाने को कहा था तो आग पर पेट्रोल डालते समय वह आग की चपेट में आ गया।
आरपीएफ के जवानों को इस बात का पता चला तो वह आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाने की बजाय सिरसा ब्रांच नहर में फेंक दिया। वहां किसी अज्ञात ने उसे नहर से बाहर निकालकर पुलिस को फोन किया। इसके बाद उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
पुलिस ने जीआरपी नरवाना ने आरपीएफ चौकी इंचार्ज एसआई देवेंद्र, एएसआई बृजपाल, एएसआई सुलतान, बिजेंद्र ढुल, प्रदीप के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
पूरी आरपीएफ चौकी हुई थी सस्पेंड
युवक के साथ अमानवीय व्यवहार कर हत्या करने की कोशिश करने के मामले में आरपीएफ ने पूरी चौकी समेत थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश को भी सस्पेंड कर दिया था। हालांकि इंस्पेक्टर राकेश जून माह की शुरुआत में ही ट्रांसफर होकर आया था। इंस्पेक्टर सुरेश का मई माह में ट्रांसफर हो गया था। उसके बाद आरपीएफ थाना जींद के इंस्पेक्टर का पद खाली पड़ा था। फिर इंस्पेक्टर राकेश को आरपीएफ थाना जींद का प्रभारी लगाया था। उसकी नियुक्ति के 10 दिन बाद ही यह मामला हो गया था। हालांकि यह पूरा मामला थाना प्रभारी राकेश के संज्ञान में था, लेकिन उन्होंने चौकी के कर्मचारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इसको लेकर आरपीएफ सीनियर कमांडेट अग्निहोत्री नई दिल्ली ने कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर राकेश को भी सस्पेंड कर दिया था।
जीआरपी ने शुक्रवार देर रात आरोपी एएसआई सुलतान और एएसआई बृजपाल को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार सुबह दोनों आरोपियों को नरवाना कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-गुरदयाल सिंह, डीएसपी, जीआरपी, हिसार