नर्सिंग कॉलेज की छात्रा का अपहरण कर गांव इंटल कलां के खेतों में बने कमरे में दुराचार किया गया था। इस दौरान एक आरोपी गाड़ी को लेकर पास के खेत में ही खड़ा रहा, जबकि दूसरे आरोपी ने उसके साथ दुराचार किया। यह खुलासा दुराचार करके आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोपी गांव किरमारा हिसार निवासी गुलाब और गांव खानपुर बरवाला निवासी सुमित ने पुलिस पूछताछ के दौरान किया है। आरोपियों ने बताया कि आरोपी गुलाब पहले से ही नर्सिंग कॉलेज की छात्रा को जानता था और छात्रा के गांव में गुलाब की बुआ की शादी हुई है। इसके चलते गुलाब का छात्रा के गांव में आना-जाना था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। महिला थाना प्रभारी संतोष देवी ने बताया कि आरोपी युवक छात्रा को पहले से ही जानता था। इसी का फायदा उठाकर छात्रा के साथ दुराचार किया और उसको आत्महत्या के लिए मजबूर किया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
आरोपी बोला, पहले से था उसका मिलना-जुलना
आरोपी गुलाब ने बताया कि छात्रा के गांव में उसकी बुआ की शादी हुई है जहां उसका आना-जाना है। इसी दौरान आरोपी की छात्रा से जान -पहचान हो गई और छात्रा का मोबाइल नंबर भी उसके पास था। बृहस्पतिवार को आरोपी गुलाब और उसका दोस्त सुमित किसी कार्य के लिए पास के गांव आए थे। इसी दौरान गुलाब ने नर्सिंग कॉलेज की छात्रा के पास फोन किया। उस समय छात्रा पटियाला चौक पर थी। इसके बाद आरोपी गाड़ी लेकर पटियाला चौक पर पहुंच गए और उसे गाड़ी में बैठाकर गांव इंटल कलां के खेतों में ले गए। जहां पर खेतों में बने कमरे में आरोपी गुलाब छात्रा को ले गया और उसके साथ दुराचार किया। इस दौरान दूसरा आरोपी युवक सुमित गाड़ी में ही बैठा रहा। बाद में दोनों आरोपी छात्रा को गाड़ी में बैठाकर उनके गांव के बस अड्डे के पास छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद छात्रा ने घर पर पहुंचकर जहरीला पदार्थ निगल लिया और निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। लेकिन बाद में पुलिस ने छात्रा के मोबाइल नंबर पर आए नंबरों के आधार पर दोनों की पहचान हो पाई।